गाजीपुर
केदारनाथ यात्रा के दौरान लापता हुए गाजीपुर के वृद्ध श्रद्धालु
दो सप्ताह से नहीं मिला कोई सुराग, पुत्र ने पुलिस से लगाई गुहार
गौरीकुंड–केदारनाथ मार्ग पर समूह से बिछड़ने के बाद से लापता, परिवार में बढ़ी चिंता
खानपुर (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के इचवल गांव निवासी 70 वर्षीय दयाशंकर सिंह केदारनाथ यात्रा के दौरान लापता हो गए हैं। घटना को लगभग दो सप्ताह बीत जाने के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं लग सका है। इससे परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। पुत्र विवेक सिंह ने थाना खानपुर में प्रार्थना पत्र देकर पिता की तलाश के लिए तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दयाशंकर सिंह पुत्र स्वर्गीय राम आधार सिंह, निवासी ग्राम इचवल, पोस्ट रामपुर, जनपद गाजीपुर, दिनांक 4 जून 2026 को अपनी पत्नी सावित्री सिंह सहित 22 लोगों के समूह के साथ चार धाम यात्रा पर गए थे। उसी दिन प्रातः लगभग 11 बजे गौरीकुंड–केदारनाथ मार्ग पर यात्रा के दौरान वह समूह से बिछड़ गए।
उनके साथ गए अन्य सभी यात्री सुरक्षित वापस लौट आए हैं तथा उनकी पत्नी भी 14 जून को घर पहुंच गईं, लेकिन दयाशंकर सिंह का अब तक कोई पता नहीं चल सका है।
परिजन लगातार कर रहे तलाश
परिजनों के अनुसार, दयाशंकर सिंह की लंबाई लगभग 5 फीट 9 इंच है और उनका रंग गेहुँआ है। घटना के समय उनके पास कोई मोबाइल फोन नहीं था, जबकि लगभग पांच हजार रुपये नकद मौजूद थे।
परिवार ने कई स्तरों पर खोजबीन और संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
पुलिस से व्यापक तलाश की मांग
पुत्र विवेक सिंह ने थाना प्रभारी खानपुर को दिए गए प्रार्थना पत्र में गुमशुदगी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू करने, संबंधित जनपदों एवं पुलिस इकाइयों को सूचना प्रसारित करने, सीसीटीवी फुटेज खंगालने तथा स्थानीय स्तर पर व्यापक खोजबीन कराने की मांग की है।
आमजन से अपील
परिजनों ने आमजन से भी अपील की है कि यदि किसी को दयाशंकर सिंह के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल थाना खानपुर अथवा परिवार के सदस्यों को सूचित करें, जिससे उन्हें सकुशल घर वापस लाया जा सके।
