गोरखपुर
सौरभ सिंह बने स्वदेशी व्यापारी मंच के जिला संयोजक
स्वदेशी जागरण मंच के प्रांतीय विचार वर्ग का हुआ समापन, ‘स्वदेशी स्वावलंबन अभियान’ का हुआ शंखनाद
दो दिवसीय चिंतन बैठक में नए दायित्वों की घोषणा, आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मिली नई दिशा
गोरखपुर। स्वदेशी जागरण मंच, गोरक्ष प्रांत द्वारा के.आई.पी.एम. टेक्नोलॉजी कैम्पस, गीडा में आयोजित दो दिवसीय “प्रांतीय विचार वर्ग” का सफलतापूर्वक समापन हुआ। समापन सत्र में स्वदेशी, आत्मनिर्भरता और संगठन विस्तार को लेकर व्यापक विचार-विमर्श किया गया तथा विभिन्न स्तरों पर नए दायित्वों की घोषणा की गई।
आत्मनिर्भर भारत के लिए स्वदेशी को बताया आवश्यक
समापन सत्र को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय सह-संयोजक डॉ. राजीव कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने की अपील का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इससे विदेशी देशों पर निर्भरता कम होगी तथा देश की बहुमूल्य विदेशी मुद्रा की बचत होगी।
उन्होंने सौर ऊर्जा, इलेक्ट्रिक वाहन, हरित हाइड्रोजन, परमाणु ऊर्जा और स्वच्छ तकनीकों के क्षेत्र में हो रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इन क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता भारत को वैश्विक स्तर पर और मजबूत बनाएगी।
‘स्वदेशी स्वावलंबन अभियान’ चलाएगा मंच
डॉ. राजीव कुमार ने घोषणा की कि स्वदेशी जागरण मंच देशभर में “स्वदेशी स्वावलंबन अभियान” शुरू करेगा। इसके तहत गोष्ठियों, नुक्कड़ सभाओं, गृह संपर्क अभियानों तथा स्कूल-कॉलेजों में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से स्वदेशी और आत्मनिर्भरता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण के इस अभियान में वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों, युवाओं, स्टार्टअप उद्यमियों और समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
सामूहिक स्वदेशी नव संकल्प दिलाया गया
कार्यक्रम के अंतिम दिन प्रांत संयोजक धीरज राय ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को ‘स्वदेशी नव संकल्प’ दिलाया। इस अवसर पर आयोजन को सफल बनाने में योगदान के लिए के.आई.पी.एम. गीडा के प्रबंध निदेशक विनोद कुमार सिंह सहित कई पदाधिकारियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
सौरभ सिंह को मिला महत्वपूर्ण दायित्व
विमर्श के उपरांत संगठन के विभिन्न प्रांतीय, विभागीय एवं जिला स्तरीय दायित्वों की घोषणा की गई। इसी क्रम में सौरभ सिंह को स्वदेशी व्यापारी मंच का जिला संयोजक तथा प्रवीन सिंह को सह-जिला संयोजक नियुक्त किया गया।
इसके अलावा विभिन्न जिलों एवं प्रांत स्तर पर कई अन्य पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं, जिससे संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया गया।
सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने लिया हिस्सा
दो दिवसीय इस वैचारिक आयोजन में प्रांत समन्वयक ईश्वर चंद, क्षेत्रीय एवं जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ गोरक्ष प्रांत के 10 जिलों से आए सैकड़ों कार्यकर्ताओं, उद्यमियों, व्यापारियों और समाजसेवियों ने भाग लिया। सभी ने स्वदेशी, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाने का सामूहिक प्रण लिया।
