गोरखपुर
आवास दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी, अभियुक्त गिरफ्तार
स्वयं को जीडीए कर्मचारी बताकर लोगों से ठगी का आरोप, पुलिस ने की कार्रवाई
कूटरचित दस्तावेज देकर हड़पे थे रुपये, आरोपी के खिलाफ पहले भी दर्ज हैं मुकदमे
गोरखपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गोरखनाथ पुलिस ने आवास दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी कर रुपये हड़पने के आरोप में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक गोरखनाथ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना गोरखनाथ पर पंजीकृत मुकदमा संख्या 026/2026, धारा 318(4), 319(2), 338, 336(3) एवं 352 बीएनएस से संबंधित अभियुक्त को गिरफ्तार किया।
जीडीए कर्मचारी बनकर की थी ठगी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त ने स्वयं को गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) का कर्मचारी बताकर वादी को आवास दिलाने का झांसा दिया था। आरोप है कि उसने आवास आवंटन के नाम पर रुपये लेकर कूटरचित एवं फर्जी एलॉटमेंट पत्र उपलब्ध कराया तथा धनराशि हड़प ली।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना गोरखनाथ में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसकी विवेचना के दौरान आरोपी की गिरफ्तारी की गई।
अभियुक्त की पहचान
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान विजय प्रताप पुत्र स्वर्गीय संतराज, निवासी भरपुरवा भीटीरावत, थाना सहजनवा, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है।
पहले भी दर्ज हैं आपराधिक मामले
पुलिस अभिलेखों के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी धोखाधड़ी से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2023 में थाना सहजनवा में उसके विरुद्ध धारा 406, 420, 504 एवं 506 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
अग्रिम कार्रवाई जारी
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
