Connect with us

गोरखपुर

STF मुठभेड़ में ढेर हुआ डेढ़ लाख का इनामी गैंगस्टर भानु सिंह

Published

on

Loading...
Loading...

41 से अधिक आपराधिक मामलों में वांछित था अपराधी, अयोध्या में बड़ी वारदात की फिराक में होने की सूचना

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ बदमाश, अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित

गोरखपुर। बेलघाट थाना क्षेत्र के बिधनापार गांव निवासी कुख्यात गैंगस्टर एवं डेढ़ लाख रुपये के इनामी अपराधी भानु प्रताप सिंह उर्फ भानु सिंह की प्रयागराज एसटीएफ के साथ हुई मुठभेड़ में मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार भानु सिंह पर हत्या, लूट, रंगदारी एवं अन्य गंभीर अपराधों सहित 41 से अधिक मुकदमे दर्ज थे। वह लंबे समय से विभिन्न जनपदों की पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था और कई मामलों में वांछित चल रहा था।

अमरजीत गैंग का सक्रिय सदस्य था भानु

Advertisement

बताया जा रहा है कि भानु सिंह कुख्यात अमरजीत गैंग का सक्रिय सदस्य था। उसका नाम ग्राहक सेवा केंद्र में गोली मारकर लूट करने तथा बहादुरपुर क्षेत्र में होमगार्ड कंपनी के कमांडेंट की हत्या जैसे चर्चित मामलों में भी सामने आया था। गोरखपुर सहित प्रयागराज, अंबेडकरनगर, बस्ती और अन्य जिलों में उसकी आपराधिक गतिविधियों का नेटवर्क फैला हुआ था।

अयोध्या में बड़ी वारदात की थी आशंका

एसटीएफ को सूचना मिली थी कि कई जनपदों में वांछित भानु प्रताप सिंह अयोध्या में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना से पहुंचा हुआ है। सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम ने क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान शुरू किया।

चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़

जानकारी के मुताबिक अयोध्या के एमी घाट तिराहे के पास एसटीएफ ने सरकारी वाहनों की मदद से घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की थी। इसी दौरान दो मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस टीम द्वारा रुकने का संकेत दिए जाने पर दोनों आरोपी कुम्हिया रोड की ओर भागने लगे।

Advertisement

भागने के दौरान खराब रास्ते के कारण उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद आरोपियों ने एसटीएफ टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में भानु सिंह गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गया।

फरार साथी की तलाश जारी

घायल भानु सिंह को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बढ़ा दी गई है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page