गाजीपुर
भांवरकोल के नए बीडीओ बने अनिल कुमार राय
कार्यभार ग्रहण करते ही पारदर्शिता और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया जोर
भांवरकोल (गाजीपुर)। कासिमाबाद विकास खंड में कार्यरत रहे नवागत खंड विकास अधिकारी अनिल कुमार राय ने शुक्रवार को भांवरकोल विकास खंड के बीडीओ का कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार ग्रहण करने पर ब्लॉक मुख्यालय में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्राम पंचायत सचिवों ने बुके, अंगवस्त्र और माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया।
टीम भावना से कार्य करने का आह्वान
इस अवसर पर बीडीओ अनिल कुमार राय ने अधिकारियों और कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विशेष रूप से ग्रामीण विकास और गरीबी उन्मूलन से जुड़ी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है।
शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने तथा आमजन की समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
कार्यक्रम में एडीओ (आईएसबी) दयानंद यादव, एडीओ (समाज कल्याण) संतोष सिंह कुशवाहा, ग्राम पंचायत सचिव रवि प्रकाश यादव, सोमनाथ शुक्ल, शिवाजी पटेल, राजकुमार यादव, पंकज कुमार त्रिपाठी, पिंटू कुमार सरोज सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
