Connect with us

गाजीपुर

पुरानी रंजिश में रिटायर्ड आर्मी जवान पर जानलेवा हमला, छह गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

करहिया में लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से मारपीट का आरोप, 12 नामजद समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज

सेवराई (गाजीपुर)। गहमर कोतवाली क्षेत्र के मां कामाख्या धाम करहिया चौकी अंतर्गत करहिया गांव में पुरानी रंजिश को लेकर रिटायर्ड आर्मी जवान विनय कुमार सिंह उर्फ चंदन सिंह पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। घटना 25 अक्टूबर 2026 की रात करीब आठ बजे की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पीड़ित चंदन सिंह के अनुसार, वह अपने ड्राइवर प्रदीप राम के साथ मोटरसाइकिल से ट्यूबवेल से खाना खाने घर जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाए लोगों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से उन पर हमला कर दिया। मारपीट में वह बेहोश होकर गिर पड़े। आरोप है कि इसके बाद हमलावर उन्हें घसीटकर एक दुकान के पीछे ले गए और पिटाई करने के बाद सड़क पर छोड़ दिया। ड्राइवर के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले।

घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जानकारी जुटाई। इलाज कराने के बाद चंदन सिंह ने गहमर कोतवाली पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उन्हें मेडिकल परीक्षण के लिए भदौरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Advertisement

छह आरोपियों की गिरफ्तारी, अन्य की तलाश जारी

गहमर कोतवाल नंदकुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में है। तहरीर में 12 लोगों को नामजद किया गया है। छह लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मामले में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page