गोरखपुर
मतदाता सूची से नाम हटाने का आरोप, एसडीएम से निष्पक्ष जांच की मांग
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ने बीएलओ पर लगाया अनियमितता का आरोप
गोलाबाजार (गोरखपुर),। गोला तहसील क्षेत्र के विकास खंड गगहा अंतर्गत ग्राम पंचायत बैकुंठपुर में मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने का मामला सामने आया है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सुनील कुमार यादव ने उपजिलाधिकारी गोला को प्रार्थना पत्र देकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार मतदाता सूची पुनरीक्षण के दौरान पहले 51 मतदाताओं के नाम हटाए गए थे, जबकि बाद में यह संख्या बढ़कर 115 तक पहुंच गई। आरोप है कि जिन लोगों के नाम सूची से हटाए गए हैं, उनमें अधिकांश गांव में निवास करते हैं तथा उनके आधार नंबर भी उपलब्ध हैं।

प्रार्थना पत्र में बीएलओ सुशीला देवी एवं गांव के एक अन्य व्यक्ति पर अनियमितता का आरोप लगाते हुए कहा गया है कि ऑनलाइन आईडी और पासवर्ड के दुरुपयोग के माध्यम से मतदाताओं के नाम हटाए गए तथा फीडिंग प्रक्रिया में भी अनियमितताएं बरती गईं। शिकायतकर्ता का कहना है कि मामले की पूर्व में शिकायत किए जाने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सुनील यादव ने पात्र मतदाताओं के नाम पुनः मतदाता सूची में शामिल कराने तथा दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
उपजिलाधिकारी गोला अमित कुमार जायसवाल ने बताया कि मामले में लगाए गए आरोपों की जांच कराई जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस दौरान भाजपा नेता संतोष राय भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी उपजिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
