वाराणसी
BHU : हॉस्टल में सीसीटीवी कैमरा चोरी से हड़कंप, जांच शुरू
वाराणसी। बीएचयू के सबसे पुराने हॉस्टल बिड़ला सी में लगाए गए करीब एक लाख रुपये मूल्य के सभी 12 सीसीटीवी कैमरे रातोंरात गायब हो गए। इसके साथ ही कैमरों से जुड़े तार भी उखाड़ दिए गए हैं तथा छतों पर लगे तारों को भी काटा गया है। छात्रों का कहना है कि हॉस्टल परिसर में रात के समय मेन लाइन चेंजर बंद कर इस घटना को अंजाम दिया गया। पूरे हॉस्टल की बिजली काटने के बाद सीसीटीवी कैमरे हटाए गए।
घटना की जानकारी मिलने पर बुधवार को वार्डेन डॉ. सत्य प्रकाश पाल हॉस्टल पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया। छात्रों ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों के गायब होने की घटनाएं पिछले दो-तीन दिनों से हो रही थीं। कैमरे हटाने वाले कौन लोग थे, इसका अब तक पता नहीं चल पाया है, हालांकि हॉस्टल प्रशासन की ओर से जांच शुरू कर दी गई है।
छात्रों के मुताबिक वार्डेन की तरफ से फाइन लगाने की कार्रवाई की जाएगी। इस पूरे मामले की जानकारी बीएचयू के अधिकारियों को भी दे दी गई है।
