शिक्षा
सीबीएसई 12वीं रिजल्ट घोषित, स्कूलों को जारी हुआ सिक्योरिटी पिन
रीवैल्यूएशन से लेकर री-चेकिंग तक, छात्रों को मिलेगा सुधार का मौका
प्रयागराज बना कंपार्टमेंट का सबसे बड़ा केंद्र, 16.76% छात्रों को दोबारा मौका
नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 12वीं परीक्षा 2026 का परिणाम जारी कर दिया है। लंबे समय से रिजल्ट का इंतजार कर रहे छात्रों को बड़ी राहत मिली है। छात्र अपना परिणाम आधिकारिक वेबसाइट cbseresults.nic.in और cbse.gov.in पर जाकर देख सकते हैं। इसके अलावा स्कोरकार्ड डिजिलॉकर (DigiLocker) और उमंग ऐप पर भी उपलब्ध रहेगा।
वेबसाइट पर अधिक ट्रैफिक होने की स्थिति में छात्र डिजिलॉकर और उमंग ऐप का भी उपयोग कर सकते हैं। सीबीएसई ने स्कूलों को 6 अंकों का ‘सिक्योरिटी पिन’ जारी करने के निर्देश दिए थे, जिसकी मदद से छात्र डिजिटल मार्कशीट और माइग्रेशन सर्टिफिकेट डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षा में सफल होने के लिए प्रत्येक विषय में न्यूनतम 33 प्रतिशत अंक जरूरी हैं।
रिजल्ट चेक करने के लिए सबसे पहले छात्र cbseresults.nic.in पर जाएं। इसके बाद CBSE क्लास 12वीं रिजल्ट 2026 के लिंक पर क्लिक करें। फिर रोल नंबर और अन्य जरूरी जानकारी दर्ज कर सबमिट करें। इसके बाद स्क्रीन पर मार्कशीट दिखाई देगी।
सीबीएसई 12वीं के परिणाम में इस बार 1,63,800 छात्रों की कंपार्टमेंट आई है, जिसमें प्रयागराज सबसे ऊपर रहा। प्रयागराज में कंपार्टमेंट प्रतिशत 16.76% दर्ज किया गया। इसके बाद दिल्ली ईस्ट 12.57%, बेंगलुरु 12.14%, पंचकूला 12.30%, लुधियाना 11.42%, रायपुर 10.35%, रांची 9.67%, लखनऊ 9.30%, चेन्नई 9.23%, पटना 9.13%, पुणे 8.66%, अजमेर 8.44%, नोएडा 8.06%, गुवाहाटी 7.35%, दिल्ली वेस्ट 5.65%, विजयवाड़ा 5.44%, अहमदाबाद 5.41%, गुरुग्राम 4.52%, देहरादून 4.30% और तिरुवनंतपुरम 3.38% रहा।
सीबीएसई ने इस वर्ष भी टॉपर्स लिस्ट जारी नहीं करने का फैसला किया है। बोर्ड की ओर से मेरिट लिस्ट भी जारी नहीं की जाएगी। हालांकि, जिन छात्रों ने अपने विषयों में सर्वाधिक अंक प्राप्त किए हैं, उनमें से टॉप 0.1 प्रतिशत विद्यार्थियों को मेरिट सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा।
स्कूलों के पास प्रतिशत की बात करें तो केंद्रीय विद्यालय का परिणाम सबसे बेहतर रहा। केंद्रीय विद्यालय का पास प्रतिशत 98.55% दर्ज किया गया, जबकि जवाहर नवोदय विद्यालय 98.47% के साथ दूसरे स्थान पर रहा। सरकारी विद्यालयों का पास प्रतिशत 89.55%, सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों का 86.07%, एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल का 85.55% और स्वतंत्र विद्यालयों का 84.22% रहा।
सीबीएसई 12वीं परीक्षा 2026 में कुल 17,80,365 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। इनमें से 17,68,968 छात्र परीक्षा में शामिल हुए और 15,07,109 छात्र सफल घोषित किए गए। इस वर्ष कुल पास प्रतिशत 85.20% रहा, जो पिछले वर्ष के 88.39% की तुलना में कम है।
इस बार भी लड़कियों ने लड़कों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया। लड़कियों का पास प्रतिशत 88.86% रहा, जबकि लड़कों का उत्तीर्ण प्रतिशत 82.13% दर्ज किया गया। इस तरह लड़कियों ने 6.73 प्रतिशत बेहतर प्रदर्शन किया।
परिणाम में 94,028 छात्रों ने 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं। वहीं, 17,113 छात्रों ने 95 प्रतिशत से ज्यादा अंक हासिल किए हैं।
छात्र अपना रिजल्ट cbse.gov.in, results.cbse.nic.in, cbseresults.nic.in और उमंग ऐप पर देख सकते हैं।
पिछले पांच वर्षों के पास प्रतिशत पर नजर डालें तो वर्ष 2025 में 88.39%, 2024 में 87.98%, 2023 में 87.33%, 2022 में 92.71% और 2021 में 99.37% छात्र सफल हुए थे।
सीबीएसई ने कोरोना महामारी के बाद से 12वीं कक्षा के लिए टॉपर्स लिस्ट जारी करना बंद कर दिया था और यह व्यवस्था अब तक जारी है।
रिजल्ट चेक करने के लिए छात्रों को एग्जाम रोल नंबर, स्कूल कोड, एडमिट कार्ड आईडी और जन्मतिथि की आवश्यकता होगी। यह सभी जानकारी एडमिट कार्ड पर उपलब्ध होती है।
यदि कोई छात्र अपने परिणाम से संतुष्ट नहीं है तो वह रीवैल्यूएशन के लिए आवेदन कर सकता है। इसके लिए पहले मार्क्स वेरिफिकेशन कराना होगा। इसके बाद छात्र अपनी आंसर शीट की फोटोकॉपी भी प्राप्त कर सकते हैं। यदि इसके बाद भी संतुष्टि नहीं होती है तो री-चेकिंग या री-असेसमेंट के लिए आवेदन किया जा सकता है।
डिजिलॉकर पर रिजल्ट लिंक सक्रिय होने के बाद छात्र www.digilocker.gov.in पर जाकर मोबाइल नंबर या आधार नंबर के जरिए लॉगिन कर परिणाम देख सकेंगे। जिन छात्रों का अकाउंट नहीं है, उन्हें पहले रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद CBSE Class XII Result 2026 लिंक पर क्लिक कर रोल नंबर और अन्य जानकारी भरने पर परिणाम स्क्रीन पर दिखाई देगा।
