शिक्षा
NEET लीक जांच में BHU अलर्ट, संदिग्ध छात्रों के रिकॉर्ड किए गए सुरक्षित
वाराणसी। नीट पेपर लीक मामले की जांच में तेजी आने के बाद बीएचयू के चिकित्सा विज्ञान संस्थान का प्रशासन सतर्क हो गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने संदिग्ध छात्रों से संबंधित प्रवेश पत्र, पहचान पत्र समेत अन्य जरूरी दस्तावेज सुरक्षित रख लिए हैं, ताकि सीबीआइ (CBI) की मांग पर उन्हें उपलब्ध कराया जा सके। इसके साथ ही कुछ अन्य छात्रों के दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।
हालांकि, विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से अब तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। सीबीआइ ने पेपर लीक प्रकरण में जयपुर के बिंवाल परिवार के दो भाइयों और एक भतीजे को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में यह जानकारी सामने आई कि परिवार के पांच बच्चों का दाखिला पिछले वर्ष देश के अलग-अलग सरकारी मेडिकल कालेजों में हुआ था।
मुख्य आरोपितों में शामिल दिनेश बिंवाल की बेटी वर्तमान में बीएचयू के आयुर्वेद संकाय में अध्ययनरत है। इसके बाद जांच एजेंसियों की नजर बीएचयू में पढ़ाई कर रहे कुछ अन्य छात्रों पर भी गई है। सूत्रों के मुताबिक, राजस्थान के सीकर स्थित उसी कोचिंग संस्थान से पढ़ाई करने वाले दो छात्रों ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 में चिकित्सा विज्ञान संस्थान-बीएचयू में प्रवेश लिया था।
इनमें एक छात्र एमबीबीएस और एक छात्रा बीएएमएस प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही है। इसी कोचिंग संस्थान की दो छात्राओं और एक छात्र का दाखिला पिछले वर्ष भी आइएमएस-बीएचयू में हुआ था। फिलहाल जांच एजेंसियां सभी तथ्यों का मिलान करने में जुटी हैं।
