Connect with us

गोरखपुर

लाखों की लागत से बनी सड़क महीने भर में उखड़ी, बारिश ने खोली निर्माण की पोल

Published

on

Loading...
Loading...

कहीं परतें उखड़ीं तो कहीं धंसी सड़क, ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग तेज

गोलाबाजार (गोरखपुर)। गोला थाना क्षेत्र के भवनियापुर से घोटालोटन होते हुए बर्राह तक लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा कराए गए सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। लाखों रुपये की लागत से तैयार यह सड़क एक माह भी नहीं टिक सकी और पहली तेज बारिश में ही जगह-जगह से उखड़ने व धंसने लगी। सड़क की बदहाल स्थिति को देखकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
                                 
गौरतलब यह है कि निर्माण कार्य शुरू होने के शुरुआती दिनों में ही सड़क धंसने और मानकों की अनदेखी की शिकायतें सामने आने लगी थीं। उस समय भी क्षेत्रीय लोगों ने निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठाए थे बावजूद इसके जिम्मेदार अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। अब लगातार दो-तीन दिनों की बारिश ने सड़क निर्माण की पूरी हकीकत उजागर कर दी है।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार सड़क के किनारों से करीब एक-एक फीट तक परतें उखड़ रही हैं, जबकि कई स्थानों पर सड़क धंसकर दोबारा गड्ढों में तब्दील होने लगी है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते गुणवत्ता की जांच नहीं कराई गई तो यह सड़क आने वाले दिनों में पूरी तरह टूट सकती है, जिससे हादसों का खतरा भी बढ़ जाएगा।

गुणवत्ता पर सवाल, ठेकेदार पर लीपापोती के आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में मानकों की खुलेआम अनदेखी की गई। नियमानुसार गड्ढों को मजबूत तरीके से भरने और बेस तैयार करने के बजाय जल्दबाजी में सड़क की परत बिछा दी गई। अब जब सड़क उखड़ने लगी है तो ठेकेदार द्वारा दोबारा मटेरियल डालकर लीपापोती की जा रही है, ताकि खामियों को छिपाया जा सके।

Advertisement

क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह केवल निर्माण में लापरवाही का मामला नहीं, बल्कि सरकारी धन के दुरुपयोग और विभागीय मिलीभगत की ओर भी इशारा करता है। लोगों ने आरोप लगाया कि यदि समय पर गुणवत्ता की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाती, तो आज सड़क की यह हालत नहीं होती।

ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच कराकर संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण में बरती गई लापरवाही सीधे तौर पर जनता की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के जेई कमलेश गुप्ता ने कहा कि सड़क की जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page