वायरल
होमवर्क पूरा न करने पर शिक्षक ने छात्र को पीटा, केस दर्ज
देवरिया। होमवर्क पूरा न करने से नाराज शिक्षक ने गुरुवार को चौथी कक्षा के छात्र की बेरहमी से पिटाई कर दी। छात्र की मां ने सदर कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
शहर के भटवलिया निवासी अंजू मिश्रा पत्नी वेद प्रकाश मिश्र ने तहरीर में आरोप लगाया है कि उनका पुत्र श्रेष्ठ सरस्वती शिशु मंदिर देवरिया खास में पढ़ाई करता है। गुरुवार को वह स्कूल गया था।
होमवर्क अधूरा होने पर शिक्षक ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसके बांह और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान आ गए। आरोप है कि शिक्षक ने अपशब्दों का भी प्रयोग किया।
इस संबंध में प्रधानाचार्य रविंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि छात्र की पिटाई की जानकारी उन्हें मिली है। संबंधित शिक्षक को निलंबित करने की कार्रवाई की जाएगी। शिक्षक को किसी भी स्थिति में बच्चे की पिटाई नहीं करनी चाहिए थी, बल्कि अभिभावक को इसकी जानकारी देनी चाहिए थी।
