Connect with us

वायरल

सोना-चांदी खरीदना हुआ महंगा, सरकार ने बढ़ाई इंपोर्ट ड्यूटी

Published

on

Loading...
Loading...

नई दिल्ली। अगर आप आने वाले समय में सोना या चांदी खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो अब इसके लिए पहले से ज्यादा रकम खर्च करनी पड़ सकती है। केंद्र सरकार ने सोना, चांदी और अन्य कीमती धातुओं के आयात पर लगने वाली ड्यूटी में बड़ा इजाफा किया है। वित्त मंत्रालय द्वारा मंगलवार को जारी अधिसूचना के अनुसार नई दरें 13 मई 2026 से प्रभावी हो गई हैं। बाजार यानी MCX पर सोना 10 हजार और चांदी 18 हजार रुपए महंगी हो गई है।

10 ग्राम सोने का भाव 1.63 लाख रुपए और 1 किलो चांदी का भाव 2.97 लाख रुपए पर पहुंच गया है। सरकार का मकसद विदेशी खरीद कम करना और देश के विदेशी मुद्रा भंडार पर पड़ रहे दबाव को घटाना है। अमेरिकी-ईरान जंग के बीच सरकार ने ये फैसला लिया है।

गोल्ड पर कुल ड्यूटी अब 15 फीसदी

सरकार ने सोने पर लगने वाली कुल इंपोर्ट ड्यूटी को 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दिया है। विदेशों से सोना आयात करना अब महंगा हो जाएगा, जिसका असर सीधे बाजार और उपभोक्ताओं पर पड़ेगा। बेसिक कस्टम ड्यूटी (BCD) को 5 प्रतिशत से बढ़ाकर 10 प्रतिशत किया गया है, जबकि एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर एंड डेवलपमेंट सेस (AIDC) 1 प्रतिशत से बढ़ाकर 5 प्रतिशत कर दिया गया है।

Advertisement

इसके साथ ही UAE से तय कोटे के अंतर्गत आने वाले गोल्ड पर भी अब अधिक ड्यूटी देनी होगी। पहले इस कोटे के तहत आयात पर रियायती दरों का लाभ मिलता था।

आम लोगों पर क्या होगा असर?

सरकार के इस फैसले का सबसे ज्यादा प्रभाव ज्वेलरी खरीदने वाले ग्राहकों पर पड़ सकता है। आयात महंगा होने से सर्राफा कारोबारियों की लागत बढ़ेगी और इसका सीधा बोझ ग्राहकों पर आएगा। ऐसे में शादी-ब्याह या निवेश के लिए सोना खरीदना पहले की तुलना में अधिक खर्चीला हो सकता है।

सिर्फ ज्वेलरी उद्योग ही नहीं, बल्कि वे सेक्टर भी प्रभावित होंगे जहां कीमती धातुओं का उपयोग मैन्युफैक्चरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स और रिसाइक्लिंग में किया जाता है। लागत बढ़ने से कई उत्पादों की कीमतों में इजाफा हो सकता है।

Advertisement

लगातार बढ़ रहा गोल्ड इंपोर्ट

भारत में पिछले कुछ वर्षों के दौरान सोने के आयात में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वित्त वर्ष 2025-26 में गोल्ड इंपोर्ट 24 प्रतिशत से अधिक बढ़कर रिकॉर्ड 71.98 अरब डॉलर तक पहुंच गया। इससे पहले 2024-25 में यह आंकड़ा 58 अरब डॉलर था।

हालांकि मात्रा के हिसाब से सोने का आयात थोड़ा कम हुआ है। पिछले वित्त वर्ष में 757.09 टन के मुकाबले इस बार यह 721.03 टन रहा। भारत, चीन के बाद दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा गोल्ड उपभोक्ता माना जाता है।

किन देशों से आता है सबसे ज्यादा सोना?

Advertisement

भारत सबसे अधिक सोना स्विट्जरलैंड से आयात करता है, जिसकी हिस्सेदारी करीब 40 प्रतिशत है। इसके बाद UAE और दक्षिण अफ्रीका का स्थान आता है। देश के कुल आयात में अकेले सोने की हिस्सेदारी 9 प्रतिशत से अधिक हो चुकी है।

पहले घटाई गई थी इंपोर्ट ड्यूटी

गौरतलब है कि जुलाई 2024 के बजट में सरकार ने गोल्ड पर कुल इंपोर्ट ड्यूटी 15 प्रतिशत से घटाकर 6 प्रतिशत कर दी थी, ताकि बाजार को राहत मिल सके। लेकिन अब बढ़ते आयात और विदेशी मुद्रा भंडार पर बढ़ते दबाव को देखते हुए सरकार ने फिर से ड्यूटी बढ़ाने का निर्णय लिया है।

प्रधानमंत्री ने भी की बचत की अपील

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में देशवासियों से खर्चों में संयम बरतने की अपील की है। उन्होंने विशेष रूप से सोने की खरीदारी, विदेश यात्राओं और ईंधन की खपत कम करने की बात कही, ताकि विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव कम हो और देश की अर्थव्यवस्था मजबूत बनी रहे।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page