वाराणसी
सीएम योगी के काशी दौरे को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 5 और 6 मई को प्रस्तावित वाराणसी आगमन को लेकर कमिश्नरेट की यातायात पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। वीआईपी कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए शहर के प्रमुख मार्गों पर आवश्यकता अनुसार यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू किए जाएंगे, ताकि व्यवस्था सुचारु बनी रहे और आमजन को कम से कम असुविधा हो।
5 मई को लागू व्यवस्थाओं के तहत अमर उजाला तिराहा से वीवीआईपी आगमन से तीन घंटे पूर्व टेम्पो ट्रेवलर, बस और क्रूजर जैसे वाहनों को लहुराबीर-मैदागिन मार्ग पर जाने की अनुमति नहीं होगी और इन्हें लकड़ीमंडी की ओर मोड़ा जाएगा। विशेश्वरगंज तिराहा से एक घंटे पहले चार पहिया वाहनों का मैदागिन की ओर आवागमन बंद रहेगा और इन्हें गोलगड्डा तिराहा की दिशा में भेजा जाएगा। मरीमाई तिराहा से तेलियाबाग की ओर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा तथा इन्हें अंध्रापुल और मलदहिया की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
इसी क्रम में मलदहिया से लहुराबीर और जयसिंह की ओर जाने वाले वाहनों को रोका जाएगा और उन्हें मरीमाई, साजन व इंग्लिशिया लाइन की ओर मोड़ा जाएगा। पिशाचमोचन और चेतगंज क्षेत्र से लहुराबीर की ओर यातायात प्रतिबंधित रहेगा और वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। वहीं गोदौलिया से मैदागिन की ओर वाहनों का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा।
6 मई को लागू डायवर्जन व्यवस्था के तहत जेपी मेहता से भोजूबीर की ओर जाने वाले वाहनों को सेन्ट्रल जेल तिराहा की ओर मोड़ा जाएगा। गिलट बाजार से भोजूबीर सब्जी मंडी की दिशा में आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा और वाहनों को शिवपुर चुंगी की ओर भेजा जाएगा। सिंधौरा अंडरपास और टीएफसी से भोजूबीर की ओर जाने वाले वाहनों को हरहुआ रिंग रोड तथा आजमगढ़ अंडरपास की ओर डायवर्ट किया जाएगा। महावीर मंदिर चौराहा से सब्जी मंडी जाने वाले वाहनों को अर्दली बाजार और पांडेयपुर मार्ग की ओर भेजा जाएगा।
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वीआईपी कार्यक्रम के मद्देनजर वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और अत्यंत आवश्यक होने पर ही प्रभावित मार्गों पर निकलें। लोगों से यात्रा के दौरान अतिरिक्त समय लेकर चलने की सलाह भी दी गई है, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। सहायता के लिए ट्रैफिक कंट्रोल रूम का नंबर 7839856994 और ट्रैफिक हेल्पलाइन 7317202020 जारी किया गया है। अपर पुलिस उपायुक्त यातायात ने कहा है कि आमजन के सहयोग से ही कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराया जा सकेगा।
जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वाराणसी पहुंचेंगे। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार वह शाम को पुलिस लाइन ग्राउंड पहुंचकर विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। इसके बाद बाबा कालभैरव और श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन करेंगे। रात्रि विश्राम के उपरांत 6 मई को बड़ालालपुर में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने के बाद सड़क मार्ग से बाबतपुर एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान करेंगे।
