मनोरंजन
‘रामायण’ पर ट्रोलिंग का खेल, मुकेश छाबड़ा ने रखी अपनी राय
नई दिल्ली। कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने बड़े बजट की फिल्मों ‘रामायण’ और ‘धुरंधर’ को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही नकारात्मकता और ट्रोलिंग पर खुलकर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
उनका कहना है कि आजकल बिना फिल्म देखे ही लोग उसके खिलाफ माहौल बनाने लगते हैं, लेकिन फिल्म रिलीज होते ही यही ट्रोल्स गायब हो जाते हैं।दिसंबर 2025 में ‘धुरंधर’ की रिलीज से पहले सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर कई तरह की आलोचनाएं सामने आई थीं।
फिल्म के प्रेस प्रमोशन, क्वालिटी और प्रेस स्क्रीनिंग के आखिरी समय पर रद्द होने को लेकर काफी सवाल उठे थे। उस समय मुकेश छाबड़ा ने सोशल मीडिया पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा था कि लोग बिना फिल्म देखे ही नकारात्मकता फैलाने में जुट जाते हैं।
उन्होंने बताया कि सिर्फ ‘धुरंधर’ ही नहीं, बल्कि ‘रामायण’ जैसी बड़ी फिल्म भी इसी तरह की ट्रोलिंग का सामना कर रही है। उन्होंने कहा कि आजकल नकारात्मकता काफी बढ़ गई है और लोग जरूरत से ज्यादा जज करने लगे हैं। उन्हें समझ नहीं आता कि यह सब कौन और कैसे करवाता है, लेकिन अब यह किसी के साथ भी हो सकता है।
मुकेश छाबड़ा ने कहा कि ट्रोल कल्चर तेजी से फैल चुका है, लेकिन इसे रोकना आसान नहीं है। उन्होंने माना कि उन्हें इस स्थिति से दुख भी होता है और डर भी लगता है, क्योंकि आज लोग किसी के बारे में कुछ भी कह सकते हैं।‘रामायण’ के टीजर को उसके वीएफएक्स और कास्टिंग को लेकर भी काफी आलोचना झेलनी पड़ी थी।
खासतौर पर रणबीर कपूर और साई पल्लवी की कास्टिंग पर कई लोगों ने सवाल उठाए थे। मुकेश ने दोनों फिल्मों की कास्टिंग की है और उनका कहना है कि उन्होंने ‘रामायण’ पर भी उतनी ही मेहनत और ईमानदारी से काम किया है, जितनी ‘धुरंधर’ पर की थी।उन्होंने यह भी कहा कि बदनामी फैलाने वाले अभियान ज्यादा समय तक नहीं टिकते।
जैसे ही दर्शक फिल्म की एक झलक देखते हैं, उनकी राय बदलने लगती है। फिल्म रिलीज होते ही ट्रोल्स पीछे हट जाते हैं, क्योंकि दर्शक खुद तय करते हैं कि फिल्म अच्छी है या नहीं।‘धुरंधर’ के बारे में उन्होंने कहा कि रिलीज से पहले सोशल मीडिया पर नकारात्मक बातें जरूर चल रही थीं, लेकिन फिल्म से जुड़े सभी लोगों को अपने काम पर पूरा भरोसा था।
रिलीज के बाद दर्शकों ने फिल्म पर खूब प्यार बरसाया और सारी नेगेटिविटी खत्म हो गई। उनके अनुसार, एक अच्छी फिल्म को कोई नहीं रोक सकता।मुकेश छाबड़ा ने अपने करियर के अनुभव साझा करते हुए बताया कि ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ के बाद ‘रामायण’ और ‘धुरंधर’ उनके लिए सबसे चुनौतीपूर्ण प्रोजेक्ट रहे।
‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ के लिए उन्हें 384 कलाकारों की कास्टिंग करनी पड़ी थी। उस समय वह अपना काम सीख रहे थे, लेकिन अब अनुभव बढ़ चुका है। फिर भी इन दोनों फिल्मों में भी बड़ी संख्या में कलाकारों की कास्टिंग करनी पड़ी।
रणबीर कपूर और रणवीर सिंह को एक साथ फिल्म में देखने के सवाल पर उन्होंने कहा कि दोनों ही शानदार अभिनेता हैं और दोनों का अपना अलग अंदाज है। उनके मुताबिक, अगर दोनों एक साथ किसी फिल्म में नजर आएं, तो वह देश की सबसे बड़ी फिल्म साबित हो सकती है।
बता दें कि ‘धुरंधर’ रिलीज हो चुकी है और बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई है। वहीं ‘रामायण’ का फर्स्ट लुक सामने आ चुका है और यह फिल्म 2026 की दिवाली पर रिलीज होगी।
