शिक्षा
क्वींस कॉलेज के पुरातन छात्र डॉ आनंद ने शुरू की मेरिट स्कॉलरशिप
वाराणसी। देश की प्राचीनतम और प्रतिष्ठित शैक्षिक संस्थाओं में शामिल पीएम श्री राजकीय क्वींस कॉलेज के हाईस्कूल छात्र सूर्यदीप प्रजापति ने बोर्ड परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता हासिल कर वाराणसी सहित पूरे प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।
25 वर्षों बाद उत्तर प्रदेश के किसी राजकीय विद्यालय के छात्र ने हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा के परिणाम में टॉप-10 रैंक में स्थान बनाया है। सूर्यदीप ने वर्ष 2025 की हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में पूरे प्रदेश में छठी रैंक प्राप्त की है।
छात्र की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से प्रभावित होकर विद्यालय के वर्ष 1983 बैच के पुरातन छात्र और वर्तमान में ब्रिटेन की यूनिवर्सिटी ऑफ नॉटिंघम में कार्यरत प्रोफेसर डॉ आनंद ने अपने पिता स्वर्गीय गोविंद प्रसाद श्रीवास्तव की स्मृति में ₹51 हजार की मेरिट स्कॉलरशिप शुरू करने की घोषणा की है।
इस वर्ष यह सम्मान सूर्यदीप प्रजापति को प्रदान किया जाएगा।डॉ आनंद वर्तमान में यूनिवर्सिटी ऑफ नॉटिंघम के बाल चिकित्सा विभाग में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि उनकी तीन पीढ़ियां क्वींस कॉलेज से शिक्षा प्राप्त कर चुकी हैं।
उनके दादा, पिता और उनके दो अन्य भाइयों ने भी इसी संस्थान से पढ़ाई की है।उनके भाइयों में डॉ प्रसन्न कुमार, प्राथमिक स्वास्थ्य उत्तर प्रदेश में निदेशक हैं, जबकि न्यायमूर्ति अरविंद श्रीवास्तव पटना हाईकोर्ट में न्यायाधीश रह चुके हैं।विद्यालय के प्रधानाचार्य सुमीत कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मुख्यमंत्री का विजन है कि पुरातन छात्रों के सहयोग से मातृसंस्था को और समृद्ध बनाया जाए।
इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए ब्रिटेन में रह रहे डॉ आनंद से बातचीत की गई। छात्र की ऐतिहासिक सफलता पर उन्होंने इस पुरस्कार की शुरुआत की, जो विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक पहल है।प्रधानाचार्य ने कहा कि पुरातन छात्रों का यह सहयोग न केवल संस्था को मजबूत करेगा, बल्कि विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए भी प्रेरित करेगा।
