वाराणसी
आग बुझाने के दौरान फटा सिलिंडर, एक व्यक्ति झुलसा
वाराणसी कमिश्नरेट के भेलूपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शुकुलपुरा स्थित हनुमान मंदिर के समीप मंगलवार दोपहर अचानक हुए तेज धमाके ने पूरे इलाके को दहला दिया। एक कमरे में गैस सिलिंडर फटने से अफरा-तफरी मच गई। विस्फोट की तीव्र आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। इस घटना में एक व्यक्ति झुलस गया, जबकि एक महिला हाथ में जला हुआ नोट लेकर विलाप करती नजर आई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामनरेश सोनकर के हाता में करीब 70 से अधिक परिवार किराये पर निवास करते हैं। इसी हाता की दूसरी मंजिल पर रहने वाला किरायेदार कल्लू अपने सात सदस्यीय परिवार के साथ रहता है। घटना के समय कमरे में उसका बड़ा बेटा सूरज मौजूद था। अचानक सिलिंडर में आग लगने पर वह घबराकर कमरे से बाहर निकल गया।
आग की सूचना मिलते ही हाता में रहने वाले सतवंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान अचानक सिलिंडर में जोरदार विस्फोट हो गया। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि कमरे की टिन की छत उखड़ गई और सिलिंडर लगभग 100 मीटर दूर जा गिरा। इस हादसे में सतवंत पुत्र तेजबली सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की सहायता से घायल सतवंत को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना रहा। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने में जुट गई।
इधर, आग लगने की सूचना पाकर कल्लू और उसकी पत्नी भी मौके पर पहुंचे, जहां दोनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। कल्लू दुर्गाकुंड क्षेत्र में दाना बेचकर अपना जीवनयापन करता है, जबकि उसकी पत्नी घरों में काम करती है।
