वाराणसी
यूपी कॉलेज हत्याकांड : खून से पत्र लिखकर छात्रों ने सीएम योगी से मांगा न्याय
वाराणसी। यूपी कॉलेज (UP College) परिसर में छात्र सूर्य प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या के मामले में एक बार फिर छात्रों का आक्रोश उभर कर सामने आया है। पुलिस प्रशासन की कार्रवाई से असंतुष्ट छात्रों ने दोबारा आंदोलन शुरू करते हुए जिला मुख्यालय पर धरना दिया।
गौरतलब है कि 20 मार्च को कॉलेज कैंपस के भीतर छात्र सूर्य प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद से ही छात्र लगातार न्याय की मांग कर रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को छात्रों का प्रतिनिधिमंडल कॉलेज परिसर से पैदल मार्च करते हुए जिला मुख्यालय पहुंचा और मुख्य गेट पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर खून से पत्र लिखकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाई। इस पत्र को जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री तक भेजा गया। छात्रों का आरोप है कि मुख्य अभियुक्त मनजीत का भाई सोशल मीडिया के जरिए उन्हें लगातार धमकियां दे रहा है, जिससे वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
छात्रों ने यह भी कहा कि अब तक पुलिस प्रशासन यह स्पष्ट नहीं कर सका है कि कैंपस के भीतर मुख्य अभियुक्त को हथियार किसके माध्यम से उपलब्ध कराया गया। इस पर नाराजगी जताते हुए छात्रों ने कहा कि उनका पुलिस प्रशासन पर से विश्वास उठ चुका है।
छात्रों का कहना है कि वे अपनी मांगों से संबंधित पत्र मुख्यमंत्री तक पहुंचा रहे हैं और उन्हें उम्मीद है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस मामले का संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करेंगे तथा उन्हें न्याय दिलाएंगे।
