वाराणसी
सीबीआई अधिकारी बनकर शिक्षक से 66 हजार की ठगी
वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र के चक्रपानपुर गांव निवासी एक प्राइवेट शिक्षक साइबर ठगी का शिकार हो गए। ठगों ने खुद को जांच एजेंसी व सीबीआई अधिकारी बताकर डराया-धमकाया और उनसे 66 हजार रुपये ठग लिए। चक्रपानपुर (मिर्जामुराद) गांव निवासी चंद्रशेखर बिंद को दो दिन पूर्व एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने बताया कि उनके नंबर से एक सिम चालू कर करोड़ों रुपये की ठगी की गई है। और इस मामले में उन्हें आरोपी बनाया गया है। इसके बाद एक महिला ने खुद को जांच एजेंसी से जुड़ा बताया और फिर एक अन्य व्यक्ति ने सीबीआई अधिकारी बनकर कार्रवाई व जेल भेजने की धमकी दी।
ठगों ने लगातार दबाव बनाते हुए मामला रफा-दफा करने के नाम पर 66 हजार रुपये की मांग की। भयभीत होकर पीड़ित ने दो किश्तों में पूरी रकम भेज दी। पूरी बातचीत व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से कराई गई। जिससे ठग अपनी पहचान छिपाने में सफल रहे।
रुपये भेजने के बाद जब दोबारा कॉल बंद हो गए तो पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने संबंधित थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
