गोरखपुर
दरोगा बनकर 20 हजार की ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार
गोरखपुर। थाना कैंट पुलिस ने खुद को दरोगा बताकर राहगीरों से ठगी करने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धोखाधड़ी कर छीने गए 20 हजार रुपये भी बरामद कर लिए हैं। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय ठग गिरोहों पर लगाम कसने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी कैण्ट के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कैण्ट के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अमित कुमार चौबे की टीम ने इस शातिर को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान विक्की बासफोड़ पुत्र विरेन्द्र बासफोड़ निवासी जटेपुर उत्तरी हुमायूंपुर थाना गोरखनाथ के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना कैण्ट में पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिससे उसके आपराधिक इतिहास का भी खुलासा हुआ है।
घटना के संबंध में बताया गया कि 6 अप्रैल 2026 को एक व्यक्ति बैंक से 20 हजार रुपये निकालकर घर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में आरोपी ने खुद को दरोगा बताकर उसे रोका और जांच के नाम पर उसका झोला ले लिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़ित की तहरीर पर थाना कैण्ट में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
तेज कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से पूरी रकम बरामद कर ली। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोत्तरी भी की गई है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों और संभावित घटनाओं के बारे में जानकारी जुटा रही है।
गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक अमित कुमार चौबे, उपनिरीक्षक गिरिश मिश्रा समेत थाना कैण्ट के कई पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की ठगी करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और आम Hजनता से भी अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति से सतर्क रहें तथा पुलिस की पहचान की पुष्टि अवश्य करें।
