वाराणसी
समय पर नहीं मिल रहा सिलिंडर, बुकिंग व्यवस्था बनी मुसीबत
वाराणसी। जनपद के ग्रामीण और अर्धशहरी इलाकों में घरेलू गैस सिलिंडर की आपूर्ति व्यवस्था गंभीर रूप से प्रभावित हो गई है, जिससे उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बुकिंग कराने के बावजूद लोगों को सिलिंडर मिलने में आठ से दस दिन तक का इंतजार करना पड़ रहा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बने युद्ध जैसे हालात का असर भी आपूर्ति पर पड़ता दिख रहा है। सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में बुकिंग का अंतराल 45 दिन किए जाने से कुछ जगहों पर भीड़ में कमी जरूर आई है, लेकिन अधिकांश क्षेत्रों में समय पर गैस उपलब्ध नहीं हो पा रही है।
मिर्जामुराद क्षेत्र के उपभोक्ताओं का कहना है कि टोल फ्री नंबर लगातार व्यस्त रहने के कारण बुकिंग कराने में ही कठिनाई होती है और बुकिंग के बाद भी सिलिंडर घर तक पहुंचने में करीब दस दिन लग जाते हैं। बेनीपुर इंडेन गैस एजेंसी की संचालक सुमन सिंह के अनुसार प्रतिदिन 500 से 600 बुकिंग दर्ज हो रही हैं, जबकि लगभग 3000 उपभोक्ता प्रतीक्षा सूची में हैं और रोजाना केवल 324 सिलिंडर ही उपलब्ध हो पा रहे हैं।

हरहुआ क्षेत्र में भी हालात लगभग ऐसे ही बने हुए हैं। यहां उपभोक्ताओं ने ऑनलाइन बुकिंग में तकनीकी समस्याओं और बुकिंग कन्फर्म होने में देरी की बात कही है। इसके साथ ही ट्राली मैन और एजेंसी के बीच समन्वय की कमी भी परेशानी का कारण बन रही है। त्योहारों के दौरान गैस समय से न मिलने के कारण लोग लकड़ी और अन्य वैकल्पिक साधनों का सहारा लेने को मजबूर हैं।
राजातालाब क्षेत्र के महगांव स्थित आर्यन गैस एजेंसी के संचालक राज नारायण यादव का कहना है कि बुकिंग अंतराल बढ़ने से एजेंसी पर भीड़ कम हुई है और गैस पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। वहीं चिरईगांव के संदीप गैस एजेंसी के संचालक संदीप सिंह के अनुसार बुकिंग के अनुरूप आपूर्ति की जा रही है, लेकिन लंबे समय तक बुकिंग न कराने वाले उपभोक्ताओं के अचानक सक्रिय होने से दबाव बढ़ गया है।
गौराकलां स्थित भारत सुमन गैस एजेंसी के सुनील सोनकर ने बताया कि बुकिंग और आपूर्ति के बीच लगभग 3000 सिलिंडरों का अंतर बना हुआ है और 45 दिन की बुकिंग व्यवस्था ग्रामीण क्षेत्रों में समस्या को और बढ़ा रही है। ईद जैसे त्योहार के कारण समय पर आपूर्ति करना और चुनौतीपूर्ण हो गया है।
अमौली स्थित देवाश्री गैस एजेंसी में प्रतिदिन 70 से 75 सिलिंडरों की बुकिंग और वितरण हो रहा है, जो मांग के मुकाबले पर्याप्त नहीं है। वहीं चौबेपुर के साई गैस एजेंसी पर छह दिन बाद 360 सिलिंडर पहुंचे, जिन्हें बुकिंग के आधार पर वितरित किया गया, हालांकि यहां भी 45 दिन की व्यवस्था के चलते भीड़ में कमी देखी गई है।
