गाजीपुर
दीपक कुमार बने यूपीएससी टॉपर, गांव में हुआ भव्य स्वागत
जमानिया (गाजीपुर) जयदेश। तहसील क्षेत्र के गायघाट निवासी दीपक कुमार ने यूपीएससी परीक्षा में 672वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस सफलता से पूरे गंधुतालुका क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि गायघाट निवासी सेवानिवृत्त आईएएस राम उपदेश सिंह के बाद दशकों बाद इस क्षेत्र से किसी ने प्रशासनिक सेवा में सफलता हासिल की है।
दीपक कुमार के पैतृक गांव पहुंचने पर शुक्रवार को पंचायत भवन में ग्रामीणों व क्षेत्रवासियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। माल्यार्पण, बुके और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। दीपक फौजी रामवृक्ष के इकलौते बेटे हैं और उन्होंने पहले ही प्रयास में यूपीएससी परीक्षा पास कर यह उपलब्धि हासिल की है। वर्तमान में उनका परिवार जमानियां स्टेशन बाजार के बजरंग नगर कॉलोनी में निवास करता है।

दीपक ने एनआईटी वारंगल से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। इसके बाद रायपुर की एक मल्टीनेशनल कंपनी में प्रोजेक्ट मैनेजर के रूप में काम किया। दो वर्ष पहले नौकरी छोड़कर दिल्ली में यूपीएससी की तैयारी शुरू की और पहले ही प्रयास में सफलता प्राप्त की।
प्रधान प्रतिनिधि धर्मेंद्र कुशवाहा ने कहा कि यह पूरे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक और गौरवशाली क्षण है। दीपक की सफलता से युवाओं को प्रेरणा मिलेगी कि मेहनत और विश्वास से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि संतोष कुशवाहा, बसपा नेता धनंजय मौर्य, प्रधान कृष्णानंद कुशवाहा, पूर्व प्रधान बलिस्टर यादव, मोहन यादव, अमरेन्द्र सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
