गाजीपुर
हरिकेश यादव की शहादत पर उमड़ा जनसैलाब, नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई
गाजीपुर (जयदेश)। शादियाबाद थाना क्षेत्र के शाहपुर शमशेर खां गांव निवासी सेना के जवान हरिकेश यादव झांसी में सैन्य अभ्यास करके वापस आ रहे थे, रास्ते में ट्रक और पिकअप की टक्कर में शहीद हो गए। वह राजस्थान के अलवर में तैनात थे और इन दिनों ड्यूटी के सिलसिले में झांसी गए हुए थे। ड्यूटी के दौरान हुए सड़क हादसे में उनकी शहादत की खबर मिलते ही परिवार सहित पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मंगलवार को जैसे ही शहीद जवान का पार्थिव शरीर उनके पैतृक आवास शाहपुर शमशेर खां गांव पहुंचा, तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मां, पत्नी और बच्चों की चीख-पुकार सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। परिवार के लोग बार-बार बेसुध हो जा रहे थे और गांव में मातम का माहौल छा गया।
शहीद के अंतिम दर्शन के लिए आसपास के गांवों सहित क्षेत्र से हजारों की संख्या में लोग उनके घर पहुंचे। लोगों ने नम आंखों से अपने वीर सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान भारत माता की जय और शहीद हरिकेश यादव अमर रहें के नारों से पूरा गांव गूंज उठा।
ग्रामीणों का कहना था कि हरिकेश यादव बहुत सरल स्वभाव के थे और हमेशा देश सेवा के लिए समर्पित रहते थे। उनकी शहादत से पूरे क्षेत्र को गहरा दुख पहुंचा है।
इस मौके पर सपा जिला अध्यक्ष गोपाल यादव ने कहा कि हरिकेश यादव ने देश की सेवा करते हुए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। उनका बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र को अपने इस वीर सपूत पर गर्व है और उनकी शहादत से पूरे इलाके में शोक के साथ-साथ गर्व की भावना भी है।
शहीद के अंतिम दर्शन के लिए, जखनिया विधायक बेदी राम, राकेश सिंह अंशु प्रधान संघ अध्यक्ष मनिहारी, पीयूष विक्रम प्रत्याशी जिला पंचायत सदस्य मनिहारी, रजनीश यादव जिला पंचायत प्रत्याशी मनिहारी, कर्मवीर सिंह सोनू जिला पंचायत प्रत्याशी मनिहारी, पंकज दुबे, चमचम सिंह प्रत्याशी जिला पंचायत सदस्य मनिहारी, अनिल यादव प्रत्याशी जिला पंचायत सदस्य, कमलेश यादव भानु जिला अध्यक्ष शिक्षक सभा गाजीपुर, सद्दाम भाई, प्रेमचंद यादव ग्राम प्रधान शाहपुर शमशेर खां, अनिल यादव, सोनू यादव, अजीत विक्रम पत्रकार, मनोज यादव, जगन्नाथ यादव पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य, शुभम यादव, ग्राम प्रधान हंसराजपुर ज्ञानेंद्र गुप्ता, भूपेंद्र सिंह झब्बू प्रधान प्रतिनिधि युसुफपुर, अंगद यादव सिपाही, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। सभी ने नम आंखों से शहीद को श्रद्धांजलि देते हुए परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। पूरे गांव में गमगीन माहौल बना हुआ है।
