वाराणसी
क्रिकेट स्टेडियम से एल्युमिनियम गर्डर चोरी करते तीन आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी। जंसा थाना पुलिस ने गंजारी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम से एल्युमिनियम गर्डर चोरी करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेशी के बाद तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के हरपुर निवासी संदीप राजभर, आजाद राजभर और मुकेश राजभर शामिल हैं। इनके कब्जे से चोरी किए गए चार एल्युमिनियम गर्डर और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
डीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल ने बताया कि गंजारी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के सिक्योरिटी सुपरवाइजर मनोज कुमार सिंह निवासी सारंगपुर देईपुर की तहरीर पर इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। शिकायत में बताया गया था कि बीती रात तीनों आरोपी स्टेडियम की बाउंड्री फांदकर अंदर घुसे और एल्युमिनियम गर्डर निकालकर बाहर फेंक रहे थे।
बताया गया कि सुबह करीब 4:30 बजे आरोपी बाइक से गर्डर ले जाने पहुंचे, तभी सुरक्षा गार्डों ने उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे आपस में मित्र हैं और रात में ही चोरी की योजना बनाकर घटना को अंजाम देने पहुंचे थे।
