Connect with us

भदोही

12 ग्राम पंचायतों में हुई ग्राम बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक

Published

on

Loading...
Loading...

बाल संरक्षण, बाल विवाह रोकथाम और सरकारी योजनाओं के लाभ पर किया गया जागरूक

भदोही। जिलाधिकारी शैलेष कुमार के निर्देश पर शुक्रवार को जनपद की 12 ग्राम पंचायतों में ग्राम बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठकें विकास खंड अभोली, औराई, भदोही, डीघ, ज्ञानपुर तथा सुरियावां की चयनित ग्राम पंचायतों में संपन्न हुईं। इनमें बाल संरक्षण एवं बच्चों के अधिकारों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।

बाल श्रम और बाल विवाह रोकने पर दिया गया जोर

बैठकों में जरूरतमंद, निराश्रित एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने पर विशेष बल दिया गया। साथ ही बाल श्रम, बाल विवाह और बच्चों के विरुद्ध होने वाले शोषण की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने पर चर्चा की गई।

शिक्षा से वंचित बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने की अपील

अधिकारियों ने विद्यालय से बाहर रहने वाले बच्चों की पहचान कर उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने तथा अनाथ एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों को समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

किशोर न्याय अधिनियम और योजनाओं की दी जानकारी

बैठक में सत्येन्द्र पाण्डेय ने किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी देते हुए बाल विवाह के दुष्परिणामों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, विधवा पेंशन, स्पॉन्सरशिप योजना सहित चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, मुख्यमंत्री जनसुनवाई 1076, महिला हेल्पलाइन 181 तथा एम्बुलेंस सेवाओं 102 एवं 108 की जानकारी भी दी।

Advertisement

जनप्रतिनिधि और आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां रहीं मौजूद

बैठकों में आलोक दूबे, कुणाल गुप्ता, कृष्ण गोपाल यादव, सत्येन्द्र पाण्डेय, दिनेश, आनंद मौर्य, मोहम्मद कैफ, विवेक गुप्ता, आयुष शर्मा, वीरेन्द्र प्रसाद, दीपक यादव सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page