Connect with us

भदोही

राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस की तैयारियों की डीएम ने की समीक्षा

Published

on

Loading...
Loading...

10 अगस्त को 7.67 लाख बच्चों को खिलाई जाएगी एल्बेंडाजोल की दवा, विभागों को दिए समन्वय के निर्देश

भदोही। जिलाधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (एनडीडी) अभियान-2026 की तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य, बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा तथा बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के निर्देश दिए गए।

समय से उपलब्ध कराई जाए दवा

जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार चक को निर्देश दिया कि अभियान शुरू होने से पहले सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में एल्बेंडाजोल टैबलेट उपलब्ध करा दी जाए। वहीं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया कि 10 अगस्त को प्रत्येक विद्यालय में सभी पात्र बच्चों को दवा खिलाई जाए तथा इसकी प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए।

10 अगस्त को होगा अभियान, 14 अगस्त को मॉप-अप दिवस

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस 10 अगस्त को आयोजित होगा, जबकि छूटे हुए बच्चों को दवा खिलाने के लिए 14 अगस्त को मॉप-अप दिवस रखा गया है। अभियान के तहत जनपद के 1,885 विद्यालयों और 1,492 आंगनबाड़ी केंद्रों पर एक से 19 वर्ष आयु वर्ग के 7,67,127 बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को एल्बेंडाजोल की खुराक दी जाएगी।

पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं दवाएं

बैठक में बताया गया कि अभियान के लिए 7,91,715 एल्बेंडाजोल टैबलेट उपलब्ध हैं। सभी विभागीय प्रशिक्षण कार्यक्रम पूरे हो चुके हैं और दवाओं को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस किट के साथ निर्धारित समय के भीतर विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंचाया जा रहा है।

Advertisement

अभिभावकों से बच्चों को दवा दिलाने की अपील

जिलाधिकारी ने कहा कि कृमि संक्रमण बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, शारीरिक एवं मानसिक विकास तथा शिक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को अभियान को गंभीरता से संचालित करने के निर्देश दिए तथा अभिभावकों से अपील की कि वे निर्धारित तिथि पर अपने बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवा अवश्य दिलाएं। बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, बाल विकास एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page