Connect with us

जौनपुर

प्राथमिक विद्यालय कुम्भ में शुरू हुई स्मार्ट क्लास

Published

on

Loading...
Loading...

स्मार्ट टीवी के जरिए अब डिजिटल माध्यम से होगी पढ़ाई, ग्रामीण छात्रों को मिलेगा आधुनिक शिक्षा का लाभ

मड़ियाहूं (जौनपुर)। विकासखंड मड़ियाहूं के सुदूर ग्रामीण क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय कुम्भ में शनिवार को स्मार्ट क्लास का शुभारंभ किया गया। इस पहल के माध्यम से अब छात्र-छात्राओं को आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। स्मार्ट क्लास का उद्घाटन खंड शिक्षा अधिकारी उदयभान कुशवाहा ने किया।

दान स्वरूप मिला स्मार्ट टीवी

विद्यालय को सोशल वेलफेयर एंड अपलिफ्टमेंट ग्रुप, दिल्ली के संस्थापक अवधेश अग्रवाल तथा रोटरी क्लब दिल्ली कामा प्लेस की ओर से स्मार्ट टीवी उपलब्ध कराया गया। इसके माध्यम से बच्चों को डिजिटल कंटेंट, शैक्षणिक वीडियो और तकनीक आधारित शिक्षण सामग्री से पढ़ाया जाएगा।

डिजिटल शिक्षा को बताया समय की जरूरत

खंड शिक्षा अधिकारी उदयभान कुशवाहा ने कहा कि नई शिक्षा नीति के अनुरूप डिजिटल शिक्षा आज की आवश्यकता है। स्मार्ट क्लास से छात्र-छात्राएं आधुनिक तकनीक से जुड़ेंगे और उनकी सीखने की क्षमता, रचनात्मक सोच तथा सामान्य ज्ञान का विकास होगा। उन्होंने इस पहल के लिए सहयोगी संस्थाओं का आभार भी व्यक्त किया।

विद्यालय को आधुनिक बनाने का संकल्प

विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं प्राथमिक शिक्षक संघ मड़ियाहूं के अध्यक्ष डॉ. विशाल सिंह ने कहा कि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने विद्यालय को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास करने का भरोसा दिलाया।

Advertisement

कार्यक्रम का संचालन शिक्षक मुलायम यादव ने किया। इस अवसर पर प्राथमिक शिक्षक संघ मड़ियाहूं के मंत्री प्रदीप सूर्या, नवाचारी शिक्षक शिवम सिंह, राकेश सिंह, अमित नारायण यादव, शालिनी सिंह, पातालनाथ सरोज, आशा देवी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को ग्रामीण शिक्षा के लिए सकारात्मक और प्रेरणादायक कदम बताया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page