मिर्ज़ापुर
भाजपा नेताओं पर एफआईआर की मांग को लेकर आप कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
अरविंद केजरीवाल समेत विपक्षी नेताओं का पुतला जलाने के मामले में नामजद मुकदमा दर्ज करने की उठाई मांग
मिर्जापुर।आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर भाजपा नेताओं एवं सभासदों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील कुमार पांडे एडवोकेट ने किया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि 28 जुलाई को संकट मोचन चौराहे पर भाजपा नेताओं द्वारा आप के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव तथा कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया गया था।
जिलाधिकारी, एसपी और कोतवाली में दी तहरीर
प्रदर्शन के बाद आप नेताओं ने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और शहर कोतवाली प्रभारी को नामजद तहरीर देकर पुतला दहन करने वाले भाजपा नेताओं एवं सभासदों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
कार्रवाई नहीं होने पर जताया रोष
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील कुमार पांडे एडवोकेट ने कहा कि विपक्ष की आवाज दबाने के लिए राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि 28 जुलाई की घटना के बावजूद अब तक संबंधित लोगों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिससे कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से तत्काल एफआईआर दर्ज कर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
प्रदेश सचिव रमाशंकर साहू ने कहा कि विपक्षी नेताओं का पुतला दहन लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और प्रशासन को इस मामले में निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए। वहीं जिला महासचिव संतोष कुमार पांडे ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने तहरीर पर मुकदमा दर्ज नहीं किया तो आम आदमी पार्टी जिले के विभिन्न चौराहों पर विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन करेगी।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रदर्शन में मीरा देवी पटेल, भोलानाथ बिहार, नियाज उल्ला खान, रूपा दुबे, संतोष सोनी, राजेश श्रीवास्तव, दीनानाथ राज, बहादुर मौर्य, संतोष विश्वकर्मा, मनबोध दुबे, रविंद्र श्रीवास्तव, सीमा खान, इलियास मंसूरी, सायला परवीन, प्रभात द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
