मिर्ज़ापुर
मंडलायुक्त व डीआईजी ने किया कांवड़ मार्ग का निरीक्षण
सड़क मरम्मत, बैरिकेडिंग, सुरक्षा, प्रकाश और चिकित्सा व्यवस्था समय से पूरी करने के निर्देश
मिर्ज़ापुर। श्रावण मास में शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को मंडलायुक्त विन्ध्याचल मंडल राजेश प्रकाश एवं पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) पूनम ने नगर के कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान लोक निर्माण विभाग, एनएचआई तथा नगर पालिका के अधिकारी भी मौजूद रहे।
गड्ढे देखकर जताई नाराजगी
निरीक्षण के दौरान भरूहना स्थित जी.डी. बिनानी कॉलेज के पास सड़क किनारे खोदे गए गड्ढे को देखकर मंडलायुक्त ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों पर नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिया कि सड़क की पटरी को तत्काल गड्ढामुक्त किया जाए। यदि कार्य में समय लगे तो सुरक्षा के लिए मजबूत बैरिकेडिंग लगाई जाए।
कांवड़ मार्ग पर सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश
मंडलायुक्त ने एनएचआई और लोक निर्माण विभाग को बरियाघाट से घोरावल स्थित शिवद्वार मंदिर तक जाने वाले कांवड़ मार्ग पर गड्ढों की मरम्मत, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जहां सड़क अथवा फुटपाथ के किनारे गड्ढे हों, उन्हें तत्काल ढकने और मार्ग को समतल कराने को कहा।
सफाई, पेयजल और विश्राम स्थलों पर भी जोर
नगर पालिका परिषद और जिला पंचायत राज विभाग को कांवड़ मार्गों पर नियमित सफाई, कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा बिजली विभाग को पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, प्राथमिक उपचार और श्रद्धालुओं के लिए विश्राम स्थलों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और ड्रोन निगरानी
डीआईजी पूनम ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि कांवड़ यात्रा के दौरान संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए। आवश्यकता पड़ने पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था की जाए। वहीं एनएचआई अधिकारियों को हाईवे पर डिवाइडर और रिफ्लेक्टर लगाने के निर्देश दिए, ताकि रात्रि में भी कांवड़ यात्रियों को सुरक्षित आवागमन मिल सके।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अशोक कुमार, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद गोवा लाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
