भदोही
संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने सुनीं जन शिकायतें
भदोही तहसील में 96 में छह शिकायतों का मौके पर निस्तारण, अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश
भदोही। शासन की मंशा के अनुरूप जनशिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए शनिवार को जनपद की तीनों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील भदोही में जिलाधिकारी शैलेष कुमार, मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविन्द शुक्ल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार चक सहित अन्य अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। वहीं तहसील ज्ञानपुर और औराई में उप जिलाधिकारियों ने शिकायतों का निस्तारण कराया।
विभिन्न विभागों के लगाए गए शिविर
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान बाल विकास एवं पुष्टाहार, आयुष्मान गोल्डन कार्ड, परिवार नियोजन, समाज कल्याण, महिला कल्याण, मिशन शक्ति तथा राजस्व विभाग सहित विभिन्न विभागों के जागरूकता एवं सेवा शिविर लगाए गए। जिलाधिकारी ने शिविरों का निरीक्षण कर लाभार्थियों को दी जा रही योजनाओं की जानकारी ली।
गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर दिया जोर
तहसील भदोही में कुल 96 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से छह का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष 90 शिकायतों को संबंधित विभागों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता, निष्पक्षता और गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए तथा जांच रिपोर्ट तथ्यपरक और स्पष्ट हो।
एआई टूल्स और जीपीएस फोटो के उपयोग के निर्देश
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को शिकायतों की बेहतर ड्राफ्टिंग के लिए एआई टूल्स का उपयोग करने तथा जांच के दौरान शिकायतकर्ता के साथ मौके पर जाकर जीपीएस आधारित फोटो अपलोड करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही या उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
राजस्व मामलों के त्वरित निस्तारण पर बल
डीएम ने निर्देश दिया कि राजस्व से जुड़े मामलों का कानूनगो, लेखपाल और पुलिस की संयुक्त टीम एक सप्ताह के भीतर स्थलीय निरीक्षण कर निस्तारण सुनिश्चित करे। साथ ही बार-बार आने वाले विवादित मामलों की सूची तैयार कर पुलिस के सहयोग से उनका स्थायी समाधान करने के निर्देश दिए।
तीनों तहसीलों में मिलीं 239 शिकायतें
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान तहसील ज्ञानपुर में प्राप्त 55 शिकायतों में आठ तथा तहसील औराई में प्राप्त 88 शिकायतों में भी आठ मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
