भदोही
अल्पसंख्यक कांग्रेस की मंडलीय समीक्षा बैठक में संगठन मजबूती पर मंथन
भदोही में कांग्रेस नेताओं ने बूथ स्तर तक संगठन विस्तार और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर की चर्चा
भदोही। जिला कांग्रेस कमेटी भदोही के अध्यक्ष वसीम अंसारी के नेतृत्व में शनिवार देर शाम एक निजी लॉन में अल्पसंख्यक कांग्रेस की मंडलीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत बनाने सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार का दिया संदेश
कार्यक्रम का संचालन मुशीर इकबाल ने किया, जबकि संयोजन जिला उपाध्यक्ष सुबुकतगीन अंसारी एवं शमशीर अहमद ने किया। इस अवसर पर दोनों पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि सोहेल अख्तर अंसारी को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
सामाजिक न्याय और संविधान की लड़ाई लड़ रही कांग्रेस : सोहेल अख्तर
मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सोहेल अख्तर अंसारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सामाजिक न्याय, संविधान और सभी वर्गों के सम्मान की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि पार्टी की विचारधारा और जनहित से जुड़े मुद्दों को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने का काम करें।
उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत है और कार्यकर्ताओं की मेहनत से आने वाले समय में पार्टी प्रदेश में मजबूत विकल्प के रूप में उभरेगी।
एकजुट होकर जनहित के मुद्दों पर संघर्ष का आह्वान
विशिष्ट अतिथि एससी/एसटी विभाग के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर भगवती प्रसाद चौधरी एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोऑर्डिनेटर दयाशंकर पांडेय ने कहा कि कांग्रेस संगठन लगातार जनसरोकारों के मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रहा है। उन्होंने युवाओं, किसानों, महिलाओं और वंचित वर्गों की आवाज को मजबूती देने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की आवश्यकता बताई।
कार्यकर्ताओं की सक्रियता ही संगठन की पूंजी : वसीम अंसारी
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष वसीम अंसारी ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रियता कांग्रेस की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा के साथ जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र कुमार दुबे ‘राजन’, शाहिद तौसीफ, इश्तियाक अंसारी, काशीनाथ गौतम, सुरेश मिश्रा, प्रेम बिहारी उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
