भदोही
द्वादश ज्योतिर्लिंग यात्रा पर निकले साइकिल यात्रियों का बाबा बड़े शिव धाम में स्वागत
28 राज्यों की यात्रा पर निकले तीर्थयात्रियों को सेवा समिति ने उपलब्ध कराई भोजन, विश्राम और चिकित्सा सुविधा
गोपीगंज (भदोही)। नगर के प्रमुख धार्मिक स्थल बाबा बड़े शिव धाम में द्वादश ज्योतिर्लिंग धार्मिक यात्रा पर निकले तीर्थयात्रियों का भव्य स्वागत किया गया। साइकिल से भारत भ्रमण पर निकले यात्रियों के धाम पहुंचने पर सेवा समिति के सदस्यों ने उनका अभिनंदन किया।
साइकिल से कर रहे 28 राज्यों की यात्रा
करनैलगंज, गोंडा निवासी रविंद्र कुमार निषाद और महराजगंज के सेखुआनी नौतनवा निवासी कृष्ण कुमार गौड़ द्वादश ज्योतिर्लिंग यात्रा के तहत साइकिल से 28 राज्यों की संपर्क भारत यात्रा पर निकले हैं। दोनों यात्री शनिवार शाम काशी धाम से यात्रा करते हुए गोपीगंज स्थित बाबा बड़े शिव धाम पहुंचे।
सेवा समिति ने किया स्वागत और रात्रि विश्राम की व्यवस्था
बाबा बड़े शिव धाम सेवा समिति के सचिव रामकृष्ण खट्टू सहित समिति के सदस्यों ने तीर्थयात्रियों का स्वागत किया। यात्रियों ने मंदिर में जलाभिषेक कर भगवान शिव का दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उनके रात्रि विश्राम की व्यवस्था धाम परिसर में की गई।
सावन में श्रद्धालुओं के लिए विशेष इंतजाम
सेवा समिति की ओर से पवित्र सावन माह में आने वाले तीर्थयात्रियों के लिए चाय, नाश्ता, भोजन, विश्राम और आवश्यक दवाओं की व्यवस्था की जा रही है। समिति सदस्यों ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगातार सेवा कार्य जारी है।
