गोरखपुर
होली के दिन सड़क हादसों में मासूम समेत आठ की मौत, कई घायल
गोरखपुर। होली के दिन सड़क हादसों में मासूम समेत आठ की मौत हो गई। कई लोग घायल हुए हैं। यह दुर्घटनाएं कैंपियरगंज, पीपीगंज, पिपराइच व गुलरिहा थाना क्षेत्र में बुधवार को हुईं। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम भेजते हुए अज्ञात वाहनों की तलाश में जुटी है। वहीं घायलों का अस्पतालों में उपचार चल रहा है।
कैंपियरगंज थाना के रामचौरा के पास फोरलेन पर वाहन की चपेट में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। नगर पंचायत चौमुखा के अड़रिया टोला निवासी बबलू, करन और जितेंद्र एक ही बाइक से रावतगंज में किसी परिचित के घर होली की दावत खाने गए थे।
दोपहर करीब दो बजे तीनों वापस लौट रहे थे, तभी रामचौरा के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों घायल हो गए। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने बबलू को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल करन को बीआरडी मेडिकल कालेज रेफर किया गया, जबकि जितेंद्र को हल्की चोटें आईं।
उधर, पीपीगंज थाना के नगर पंचायत के वार्ड नंबर आठ शक्ति नगर हरपुर गांव में अज्ञात वाहन की टक्कर से आठ वर्षीय मासूम की मौत हो गई। चंद्रशेखर प्रजापति का बेटा मंगलवार शाम घर के सामने खेल रहा था, तभी पीपीगंज से पचगांवा की ओर जा रहे अज्ञात बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी।
गंभीर रूप से घायल बच्चे को स्वजन उपचार के लिए शहर के एक अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
पिपराइच थाना के इस्लामपुर भट्ठा के पास भी होली के दिन हादसा हुआ। यहां एक बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, जिसमें चौरी चौरा थाना के इब्राहिमपुर निवासी युवराज चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके साथ बाइक पर बैठे जयराम चौहान को मामूली चोटें आईं।
स्वजन दोनों को निजी अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में युवराज की मौत हो गई। वहीं, गुलरिहा थाना के बनगाई टोला मदरहवा गांव के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से भजुराम की मौके पर ही मौत हो गई।
वह अपाची बाइक से बनगाई जंगल के पास स्थित बड़की माई मंदिर की ओर जा रहे थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इसी क्रम में पिपराइच थाना के भिसवां चौराहे पर दो बाइकों की भिड़ंत में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
भिसवां निवासी 20 वर्षीय प्रदीप कुमार बुधवार शाम दुर्घटना में घायल हुए थे। उन्हें बीआरडी मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया था, जहां गुरुवार को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे में दूसरी बाइक सवार अरुण कुमार निवासी नियामतपुर सिरसिया गंभीर रूप से घायल हैं और उनका उपचार जारी है।
सहजनवा थाना के ओड़वलिया के पास दो बाइकों की टक्कर में चंदन निवासी रिठुआखोर की मौके पर मौत हो गई। दूसरी बाइक सवार महेंद्र निवासी निबरहर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। चंदन किसी कार्य से संतकबीरनगर के मगहर जा रहे थे।
वहीं, कैंपियरगंज थाना के रामचौरा स्थित सोनौली हाइवे पर बुधवार रात स्कूटी सवार गणेश, निवासी बशारतपुर शाहपुर थाना की मौत हो गई। वह स्कूटी से गोरखपुर की ओर जा रहे थे कि वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। स्थानीय लोग उन्हें अस्पताल ले जाने की कोशिश कर रहे थे, तब तक उनकी मौत हो गई।
इसी क्रम में गोला थाना के फत्तेपुर निवासी रामहित यादव भी मार्ग दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। रामहित को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन बुधवार को इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। बेटे अजीत यादव की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।
