Connect with us

गोरखपुर

गोरखपुर महोत्सव में आज पवन सिंह का जलवा, शहर में लागू हुआ सख्त ट्रैफिक प्लान

Published

on

यातायात पुलिस की अपील —निर्धारित मार्गों का करें उपयोग, सहयोग से बनेगा महोत्सव सफल

गोरखपुर। पूर्वांचल की सांस्कृतिक राजधानी गोरखपुर में आयोजित हो रहे गोरखपुर महोत्सव को लेकर शहर में भारी जनसैलाब उमड़ने की संभावना है। कल महोत्सव का पहला दिन सकुशल संपन्न हुआ। आज शाम के कार्यक्रम में भोजपुरी के सुपरस्टार पवन सिंह शामिल होंगे और गायन की प्रस्तुति करेंगे। वहीं, मंगलवार शाम की कार्यक्रम में बॉलीवुड के सिंगर बादशाह अपने गायन से चार चांद लगाएंगे। महोत्सव के दौरान बढ़ने वाली भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए यातायात पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक प्लान लागू किया है। इस दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन रहेगा, वहीं भारी एवं वाणिज्यिक वाहनों के प्रवेश पर सख्त प्रतिबंध लगाया गया है।

यातायात पुलिस के अनुसार, 12 और 13 जनवरी तक प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से रात्रि में कार्यक्रम की समाप्ति तक महोत्सव स्थल चंपा देवी पार्क के आसपास विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। सुरक्षा और सुगम यातायात के दृष्टिगत चंपा देवी पार्क क्षेत्र को नो-एंट्री जोन घोषित किया गया है, जहां चार पहिया सहित अन्य निजी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

गोरखपुर महोत्सव का भव्य शुभारम्भ प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जय वीर सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। गोरखपुर के सांसद रवि किशन ने भी कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

डायवर्जन व्यवस्था के तहत पैडलेगंज, देवरिया, खोराबार एवं चिड़ियाघर की ओर जाने वाले वाहनों को अमर उजाला तिराहा, थाना रामगढ़ताल और हनुमान मंदिर तिराहा होते हुए वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

महोत्सव में आने वाले दर्शकों के वाहनों के लिए विशेष पार्किंग व्यवस्था की गई है। मुख्य रूप से द्विविजय नाथ पार्क सहित अन्य निर्धारित स्थलों पर वाहनों को पार्क कराया जाएगा। यदि पार्किंग स्थल फुल हो जाते हैं तो वाहनों को जेमिनी गार्डेनिया अपार्टमेंट तिराहा से वॉटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा, ताकि सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।

तीन पहिया और वाणिज्यिक वाहनों पर भी विशेष प्रतिबंध लगाया गया है। यातायात पुलिस ने बताया कि महोत्सव में शामिल होने वाले वाहनों को छोड़कर अन्य सभी ऑटो, ई-रिक्शा एवं वाणिज्यिक वाहन पैडलेगंज–नौकायन मार्ग और ट्रांसफॉर्मर तिराहा मार्ग से प्रतिबंधित रहेंगे।

गोरखपुर पुलिस एवं यातायात विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों और पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। पुलिस ने कहा है कि जनता के सहयोग से ही गोरखपुर महोत्सव को सुरक्षित, सुचारु और सफल बनाया जा सकता है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page