Connect with us

गोरखपुर

प्रतिमा विसर्जन के दौरान बच्चियों से छेड़छाड़, विरोध करने पर युवक की पिटाई

Published

on

गोरखपुर। सहजनवा क्षेत्र के महुआपार तेतरिया गांव में लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन के दौरान शर्मनाक घटना सामने आई है। बाइक सवार कुछ मनबढ़ युवकों ने बच्चियों के साथ छेड़छाड़ की कोशिश की। जब एक युवक ने विरोध किया, तो आरोपितों ने उसे ट्रैक्टर से उतारकर बुरी तरह पीट दिया। घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया।

सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और स्थिति को शांत कराने में जुट गया। पीड़ित संजीत साहनी ने थाने में तहरीर देकर न्याय की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

संजीत साहनी के अनुसार, गांव में स्थापित लक्ष्मी प्रतिमा को विसर्जन के लिए मगहर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान सीहापार निवासी एक युवक अपने तीन साथियों के साथ बच्चियों को छेड़ने लगा। जब विरोध किया गया तो ये मनबढ़ युवक मारपीट पर उतर आए। शाम करीब छह बजे जब प्रतिमा जोनहिया पहुंची, तो हमलावरों ने चार-पांच बाइकों से ट्रैक्टर को रोक लिया और लाठी-डंडों से हमला कर युवक का सिर फोड़ दिया।

घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और पीड़ित पक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर पहुंचे एसडीएम केशरी नंदन तिवारी, सीओ गीडा कमलेश प्रताप सिंह और थानेदार महेश कुमार चौबे ने कार्रवाई का आश्वासन देकर स्थिति को नियंत्रित किया।

ग्राम प्रधान नागेंद्र सिंह ने बताया कि प्रतिमा को करीब तीन घंटे तक रोककर रखा गया था, लेकिन प्रशासन के समझाने पर पुलिस सुरक्षा में विसर्जन किया गया।

Advertisement

उपजिलाधिकारी केशरी नंदन तिवारी ने कहा कि प्रतिमा थोड़े समय के लिए रोकी गई थी और अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page