Connect with us

गाजीपुर

दीवानी न्यायालय क्षेत्र से हटेगा अतिक्रमण, प्रशासन ने कसी नकेल

Published

on

Loading...
Loading...

गाजीपुर। मुहम्मदाबाद नगर क्षेत्र में वर्षों से दीवानी न्यायालय और उसके आसपास जमे अतिक्रमण पर अब प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। एसडीएम डॉ. हर्षिता तिवारी के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने मौके का निरीक्षण करते हुए अतिक्रमणकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि वे स्वयं अपने ठेले, खोमचे व फुटपाथ की दुकानों को तत्काल हटा लें, अन्यथा सख्त कार्रवाई के लिए तैयार रहें।

डॉ. हर्षिता तिवारी ने कहा कि रजिस्ट्री ऑफिस से लेकर दीवानी न्यायालय परिसर और सलेमपुर मोड़ तक सड़क के दोनों किनारों पर अस्थायी दुकानों का जाल फैल गया है। इन दुकानों पर खरीदारी के लिए आने वाले लोग सड़कों के किनारे अपनी साइकिलें खड़ी कर देते हैं, जिससे सड़क पर अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। यह न केवल यातायात को बाधित करता है, बल्कि राहगीरों और स्थानीय निवासियों के लिए भी परेशानी का सबब बन चुका है।

उन्होंने नगर पालिका परिषद को स्पष्ट निर्देश दिए कि चिन्हित अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए और भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न होने पाए, इसके लिए नियमित निगरानी की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि आमजन को निर्बाध यातायात और स्वच्छ वातावरण मिल सके, इसलिए अतिक्रमण को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी वीरेंद्र राव भी मौजूद रहे। उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि अतिक्रमण की सूची तैयार कर तत्काल हटाने की प्रक्रिया शुरू करें।

Advertisement

प्रशासन की इस कार्यवाही से नगर क्षेत्र के आम नागरिकों में राहत की भावना देखने को मिल रही है। लोगों ने उम्मीद जताई कि यदि यह अभियान ईमानदारी से चला तो नगर की यातायात व्यवस्था सुधरेगी और सड़कें फिर से खुली व सुरक्षित हो सकेंगी।

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page