Connect with us

मऊ

सौहार्द और शांति के बीच मना बकरीद का पर्व, प्रशासन रहा सतर्क

Published

on

मधुबन (मऊ)। मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में ईद-उल-अजहा का पर्व शनिवार को उल्लास और परंपरा के साथ मनाया गया। इस मौके पर हिंदू-मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं, जिससे सामाजिक सौहार्द और आपसी एकता का संदेश मिला।

ईदगाहों और प्रमुख मस्जिदों में विशेष नमाज अदा की गई, जहां नमाजियों ने देश की सलामती और अमन के लिए दुआ मांगी।मधुबन, दुबारी, रामपुर बेलौली, फतहपुर तालरतोय, चंद्रापार, नेमडाड़, रसूलपुर आदमपुर जैसे इलाकों में पर्व को लेकर खास उत्साह देखा गया।

इस दौरान कई स्थानों पर हिंदू समुदाय के लोगों ने मुस्लिम भाइयों को गले लगाकर पर्व की मुबारकबाद दी। इस सौहार्द्रपूर्ण माहौल ने साम्प्रदायिक एकता को और मजबूत किया।ईद के मौके पर विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने सोशल मीडिया के माध्यम से मुस्लिम समुदाय को शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि बकरीद केवल त्याग और बलिदान का पर्व नहीं, बल्कि समाज में भाईचारे और इंसानियत का संदेश देने का अवसर भी है।पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। मधुबन तहसील क्षेत्र के ईदगाहों और मस्जिदों पर पुलिस बल तैनात रहा।

अधिकारी लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्था पर नजर बनाए हुए थे। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए क्षेत्राधिकारी, उप जिलाधिकारी और थाना प्रभारी सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।

Advertisement

पर्व के सफल आयोजन में कांग्रेस, भाजपा, सपा, सुभासपा और अन्य संगठनों से जुड़े जनप्रतिनिधियों, पंचायत सदस्यों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अपनी भूमिका निभाई। सभी ने एक स्वर में यही कहा कि ऐसे पर्व समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं और इन्हें मिलजुलकर मनाना ही हमारी पहचान है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa