वाराणसी
भाजपा कार्यशाला में मोदी सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों पर मंथन
वाराणसी में भारतीय जनता पार्टी महानगर द्वारा आयोजित विशेष कार्यशाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्षों की सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण पर केंद्रित उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की गई। यह कार्यशाला शुक्रवार को सिगरा स्थित गुलाब बाग में पार्टी कार्यालय में आयोजित की गई, जिसमें पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
मुख्य अतिथि प्रदेश मंत्री शंकर गिरी ने अपने संबोधन में कहा कि मोदी सरकार ने बीते 11 वर्षों में भारत को आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से मजबूत किया है। इस दौरान देशभर में विकास की नई इबारत लिखी गई है। उन्होंने जानकारी दी कि भाजपा 9 जून से 21 जून 2025 तक ‘संकल्प से सिद्धि’ अभियान चलाएगी, जिसके माध्यम से आम जनता को सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
शंकर गिरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का सपना है कि भारत का हर नागरिक गरिमा के साथ जीवन यापन कर सके। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में हुए कई ऐतिहासिक कार्यों को जनता तक ठीक से नहीं पहुंचाया जा सका, लेकिन 2014 के बाद से पार्टी संगठन इस दिशा में पूरी निष्ठा से काम कर रहा है।
महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने बताया कि 9 जून को प्रधानमंत्री मोदी के शपथ ग्रहण को 11 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इस अवसर पर पार्टी द्वारा अनेक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि अभियान के महानगर संयोजक महामंत्री नवीन कपूर बनाए गए हैं, जो संपूर्ण गतिविधियों का समन्वय करेंगे।
कार्यशाला का संचालन करते हुए नवीन कपूर ने अभियान की रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि 10 जून को पत्रकार वार्ता, 11 या 12 जून को केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर प्रदर्शनी, 11 जून को प्रबुद्ध समागम, 9 जून से 9 जुलाई तक “बदलते भारत मेरा अनुभव” डिजिटल प्रतियोगिता तथा 14 जून को मंडल स्तर पर “विकसित भारत संकल्प सभा” का आयोजन होगा। 15 से 17 जून के बीच शक्ति केंद्रों पर पंचायत चौपाल आयोजित की जाएगी, जबकि 23 जून को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान दिवस और 25 जून को लोक सेनानियों का सम्मान समारोह संपन्न होगा।
कार्यशाला की शुरुआत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण से हुई। समापन पर धन्यवाद ज्ञापन महामंत्री राहुल सिंह ने दिया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से प्रदेश मंत्री शंकर गिरी, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, बिहार के पूर्व विधायक राजेश्वर राव, नवीन कपूर, आत्मा विश्वेश्वर, डॉ. गीता शास्त्री, किशोर सेठ, डॉ. रचना अग्रवाल, पंकज चतुर्वेदी, अभिषेक श्रीवास्तव सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
