Connect with us

वाराणसी

हनुमान मंदिर परिसर में नौ दिवसीय यज्ञ का समापन, सुंदरकांड पाठ और भंडारे में उमड़ा आस्था का सैलाब

Published

on

वाराणसी। जनपद के चितईपुर स्थित कंदवा पोखरा क्षेत्र में आस्था और आध्यात्म का अनुपम संगम देखने को मिला, जब श्री संकटहरण हनुमान मंदिर परिसर में नौ दिवसीय नवाह परायण यज्ञ, सुंदरकांड पाठ और 151 बार हनुमान चालीसा पाठ का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन का नेतृत्व भारत माता मिशन के केंद्रीय अध्यक्ष एवं भारत न्यास के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत पंडित अजीत मिश्रा ने किया।

देश में आतंकवाद के समूल नाश और भारत के पराक्रम को वैश्विक स्तर पर सुदृढ़ बनाए रखने के संकल्प के साथ संपन्न हुए इस आध्यात्मिक अनुष्ठान में श्रद्धालुओं की भारी भागीदारी रही। आयोजन के अंतिम दिन विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 20,000 श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। श्रद्धा और भक्ति से ओतप्रोत वातावरण में ‘जय श्रीराम’ के उद्घोषों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा।

कार्यक्रम के दौरान भजन संध्या का आयोजन भी हुआ, जिसमें भजन गायकों को महंत अजीत मिश्रा द्वारा अंगवस्त्र और पुष्पमालाएं भेंट कर सम्मानित किया गया। इससे आयोजन की गरिमा और अधिक बढ़ गई।

इस भव्य आयोजन में मुख्य सेवादार ओमप्रकाश मनी, सदानंद तिवारी, पीयूष, राजेंद्र अवैध, सोनू तिवारी, जेपी मिश्रा, श्याम जी, आचार्य दिनेश मिश्रा समेत अनेक विशिष्ट जनों की महत्वपूर्ण उपस्थिति रही। सभी ने आयोजन को सफल बनाने में तन-मन-धन से योगदान दिया।

Advertisement

कंदवा पोखरा परिसर में आयोजित इस अध्यात्मिक महायज्ञ ने न सिर्फ स्थानीय जनमानस को भावविभोर किया, बल्कि धार्मिक चेतना को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page