Connect with us

अपराध

सौतेले भाई और चाचा ने युवक की गला दबाकर की हत्या

Published

on

बदायूं। शहर के पटियाली सराय मोहल्ले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद ने एक युवक की जान ले ली। मृतक गौतम साहू की हत्या उसके सौतेले भाई सनी और चाचा सतीश ने मिलकर की। वजह थी आपसी संपत्ति का विवाद, जो लंबे समय से दोनों पक्षों के बीच तनाव का कारण बना हुआ था।

राजू साहू, जिन्होंने दो शादियाँ की थीं, उनके पहली पत्नी से बेटा सनी और दूसरी पत्नी से गौतम साहू था। गुरुवार रात गौतम की गला दबाकर हत्या कर दी गई और लाश को पूरे दिन घर में छुपा कर रखा गया। रात के समय दोनों आरोपी शव को स्कूटी पर ले जाकर ठिकाने लगाने की फिराक में थे, लेकिन गश्त पर निकले पुलिसकर्मियों की नजर उन पर पड़ गई।

संदेह होने पर जब सिपाहियों ने उन्हें रुकने को कहा तो वे स्कूटी दौड़ा ले गए और डीपॉल स्कूल के पास अंधेरे में शव को फेंक दिया। हालांकि पुलिस ने पीछा कर दोनों को धर दबोचा और हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उन्होंने गौतम के आत्महत्या करने का दावा किया, लेकिन पोस्टमार्टम में गला दबाने और मारपीट के निशान सामने आए, जिससे हत्या की पुष्टि हो गई।

पुलिस ने आरोपियों के घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले, जिनमें वे शव को स्कूटी पर ले जाते साफ नजर आए। फिलहाल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page