बड़ी खबरें
म्यांमार और थाईलैंड भूकंप : मृतकों की संख्या 1700 पार, 3 हजार से अधिक घायल, कई लापता

म्यांमार और थाईलैंड में शुक्रवार को आये 7.7 तीव्रता के विनाशकारी भूकंप ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। इस आपदा में सोमवार की सुबह जारी हुए आंकड़े के अनुसार म्यांमार में अब तक 1,700 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 3,408 लोग घायल हुए और 139 लोग लापता हैं।
वहीं पीएम मोदी ने भी भूकंप पर चिंता जाहिर की है। उन्होंने कहा, “म्यांमार और थाईलैंड में भूकंप के बाद की स्थिति से चिंतित हूं। सभी की सुरक्षा और कुशलता के लिए प्रार्थना करता हूं। भारत हर संभव सहायता देने के लिए तैयार है। इस संबंध में, हमने अपने अधिकारियों से तैयार रहने को कहा है। साथ ही विदेश मंत्रालय से म्यांमार और थाईलैंड की सरकारों के साथ संपर्क में रहने को कहा है।”
शुक्रवार दोपहर को आए पहले झटके का केंद्र मांडले के पास था, जिसके बाद 6.7 तीव्रता का दूसरा झटका महसूस किया गया। मांडले शहर में कई इमारतें गिर गईं, पुल ध्वस्त हो गए और सड़कों में दरारें आ गईं। पूरे शहर में दहशत का माहौल है और लोग खुले आसमान के नीचे रातें बिता रहे हैं।
भूकंप के बाद लगातार आफ्टरशॉक्स ने लोगों में डर बढ़ा दिया है। रविवार को आए 5.1 तीव्रता के झटके ने राहत और बचाव कार्यों में लगे लोगों को भी दहशत में डाल दिया। स्थानीय प्रशासन के अनुसार, कई महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे जैसे हवाई अड्डे, राजमार्ग और पुल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
राहत और बचाव कार्यों में मुश्किलें
भूकंप प्रभावित क्षेत्रों में राहत प्रयास बदहाल सड़कों, गिरे हुए पुलों और संचार व्यवस्था में गड़बड़ी के कारण बाधित हो रहे हैं। म्यांमार में चल रहे गृहयुद्ध ने भी बचाव कार्यों को प्रभावित किया है। स्थानीय निवासी बिना किसी भारी उपकरण के मलबा हटाने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।

मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका
म्यांमार की सत्तारूढ़ जुंटा ने अंतरराष्ट्रीय सहायता की अपील की है। पहले की सैन्य सरकारों ने विदेशी सहायता को अस्वीकार कर दिया था, लेकिन इस बार स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मदद मांगी गई है। आशंका है कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।
थाईलैंड में भी भूकंप का असर
भूकंप का प्रभाव थाईलैंड तक महसूस किया गया, जहां बैंकॉक में एक 30 मंजिला निर्माणाधीन इमारत ढह गई। बचाव दल ने अब तक 17 शव बरामद किए हैं, जबकि 83 लोग लापता हैं और 32 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
म्यांमार और थाईलैंड में विनाशकारी भूकंप से हजारों की मौत, राहत कार्यों में आई रुकावटें
इस आपदा ने पूरे क्षेत्र में तबाही मचा दी है। स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राहत अभियान तेज करने की आवश्यकता है ताकि मलबे में दबे लोगों को बचाया जा सके और प्रभावितों को सहायता मिल सके।