मिर्ज़ापुर
मुख्यमंत्री ने किये मां विंध्यवासिनी के दर्शन, जनसभा में गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

मिर्जापुर के बीएलजे ग्राउंड में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सेवा, सुरक्षा और सुशासन के 8 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित जनसभा को संबोधित किया। केंद्रीय मंत्री और मिर्जापुर की सांसद अनुप्रिया पटेल ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस दौरान मंच पर कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, सदर विधायक रत्नाकर मिश्रा, मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, चुनार विधायक अनुराग सिंह, छानबे विधायक रिंकी कोल, मझवां विधायक सूचिस्मिता मौर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष राजू कनौजिया, जिला कोऑपरेटिव बैंक अध्यक्ष जगदीश सिंह पटेल और नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी समेत कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्रदेश में कानून व्यवस्था, बुनियादी ढांचे के विकास, महिला सुरक्षा, युवाओं के लिए रोजगार और किसानों के हित में चलाई जा रही योजनाओं की चर्चा की। उन्होंने यूपी सरकार की नीतियों को जनता के समक्ष रखते हुए बताया कि किस तरह राज्य में सुशासन को प्राथमिकता दी गई है।
जनसभा के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अष्ठभुजा गेस्ट हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने प्रेसवार्ता कर मीडिया को संबोधित किया। इसके बाद वह मां विंध्यवासिनी मंदिर पहुंचे और विधिवत दर्शन-पूजन किया।
इसके बाद मुख्यमंत्री मड़िहान तहसील के देवरी में निर्माणाधीन मां विंध्यवासिनी राज्य विश्वविद्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ बैठक कर परियोजना को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।