Connect with us

राज्य-राजधानी

30 वर्षों से गुमनाम अमर शहीद आर.के. ठाकुर को मिला सम्मान, गांव पहुंचकर CRPF जवानों ने झुकाया शीश

Published

on

Loading...
Loading...

संतकबीर नगर। देश की अखंडता और आंतरिक सुरक्षा की रक्षा में अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले संत कबीर नगर जनपद के वीर सपूत अमर शहीद ठाकुर रविंद्र कुमार (आर.के. ठाकुर) की 30वीं पुण्यतिथि पर एक भावभीनी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन उनके पैतृक गांव में किया गया। वर्षों तक गुमनामी के अंधेरे में रहे इस अमर शहीद को जब वर्दीधारी साथियों और समाजसेवियों ने नमन किया, तो वातावरण देशभक्ति और भावनाओं से ओतप्रोत हो उठा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रख्यात समाजसेवी एवं यूथ आइकॉन अवॉर्डी प्रदीप सिसोदिया रहे। उन्होंने बताया कि 24 जनवरी 1995 को मणिपुर राज्य के कुकीमुन क्षेत्र में आतंकवादियों से मुठभेड़ के दौरान 73 बटालियन केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (CRPF) के आठ जांबाज जवानों ने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी थी। उन्हीं वीर बलिदानियों में संत कबीर नगर निवासी चालक रविंद्र कुमार भी शामिल थे।

मुख्य अतिथि ने कहा कि यह अत्यंत पीड़ादायक है कि इतना बड़ा बलिदान देने वाले शहीद को उनके ही जनपद में वह सम्मान और पहचान नहीं मिल सकी, जिसके वे हकदार थे। शहीद रविंद्र कुमार अविवाहित थे। उनके स्थान पर उनके भाई को नौकरी मिली, लेकिन दुर्भाग्यवश वे भी सेवा के दौरान लापता हो गए, जिनका आज तक कोई पता नहीं चल सका। यह परिवार आज भी बलिदान और पीड़ा दोनों का भार ढो रहा है।

प्रदीप सिसोदिया ने कहा कि शहीदों का सपना ऐसा भारत होता है, जहां समानता, न्याय और देशभक्ति सर्वोपरि हो। आज समाज और पाठ्यक्रमों से देशभक्ति की भावना कमजोर हो रही है। जब तक हम शहीदों के सपनों को जीवित नहीं रखेंगे, तब तक सच्चा राष्ट्र निर्माण संभव नहीं है। उन्होंने शीघ्र ही जिलाधिकारी से मिलकर शहीद की प्रतिमा, शहीद द्वार एवं खेल मैदान निर्माण का प्रस्ताव रखने की बात कही।

इस अवसर पर शहीद परिवार के सदस्य मंजू देवी, आलोक ठाकुर एवं रिया ठाकुर को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया, जिससे उपस्थित जनसमूह की आंखें नम हो गईं।

Advertisement

श्रद्धांजलि कार्यक्रम की सबसे भावुक झलक तब देखने को मिली, जब CRPF के सेवारत जवानों ने स्वेच्छा से अवकाश लेकर शहीद की पुण्यतिथि पर उनके गांव पहुंचकर उन्हें नमन किया। जवानों ने पुष्पांजलि अर्पित की, दो मिनट का मौन रखा और परिजनों से मिलकर यह भरोसा दिलाया कि CRPF अपने शहीदों को कभी नहीं भूलती।

सीआरपीएफ में सेवारत संत कबीर नगर निवासी इंस्पेक्टर श्रवण यादव के दिशा-निर्देश में उनके साथी महेंद्र नाथ, मन्नू यादव, अनिल भारती सहित अन्य जवानों ने इस कार्यक्रम का आयोजन किया। उनके अनुरोध पर विभागीय टीम ने भी पहुंचकर शहीद परिवार को सम्मानित किया।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान संदीप चौधरी, शिक्षक इफ्तेखार अहमद सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि ऐसे आयोजनों से शहीदों के प्रति सम्मान की भावना जागृत होती है और आने वाली पीढ़ियों को अपने सच्चे नायकों के बारे में जानने का अवसर मिलता है। सभी ने संकल्प लिया कि अगले वर्ष यह कार्यक्रम और अधिक भव्य रूप में आयोजित किया जाएगा।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page