गोरखपुर
12वीं पास युवाओं के लिए योग बनेगा करियर का नया विकल्प
आयुष विश्वविद्यालय शुरू करेगा एक वर्षीय ‘डिप्लोमा इन योगा’, रोजगार और स्वरोजगार के खुलेंगे अवसर
गोरखपुर। अब 12वीं पास युवाओं के लिए योग केवल स्वास्थ्य और जीवनशैली तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि रोजगार और स्वरोजगार का प्रभावी माध्यम भी बनेगा। महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय ने एक वर्षीय ‘डिप्लोमा इन योगा (D.Y.Ed)’ पाठ्यक्रम शुरू करने की घोषणा की है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार यह डिप्लोमा कोर्स विशेष रूप से उन युवाओं के लिए तैयार किया गया है, जो योग के क्षेत्र में पेशेवर करियर बनाना चाहते हैं। एक वर्षीय पाठ्यक्रम में छात्रों को योग के सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक दोनों पहलुओं का व्यापक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. के. रामचंद्र रेड्डी ने बताया कि यह पहल युवाओं को योग शिक्षा, योग चिकित्सा और वेलनेस सेक्टर में रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
पाठ्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम, ध्यान, यौगिक क्रियाएं, शरीर विज्ञान तथा योग चिकित्सा का विस्तृत प्रशिक्षण दिया जाएगा। विश्वविद्यालय का उद्देश्य प्रशिक्षित योग विशेषज्ञ तैयार करना है, जो देश-विदेश में बढ़ती योग और वेलनेस सेवाओं की मांग को पूरा कर सकें।
