गाजीपुर
हैंडपंप मरम्मत भुगतान मामले की जांच की मांग, बीडीओ को सौंपा गया पत्रक
हैंडपंप मरम्मत भुगतान मामले की जांच की मांग, बीडीओ को सौंपा गया पत्रक
हेतिमपुर ग्राम सभा में हैंडपंप मरम्मत एवं री-बोर के भुगतान पर उठे सवाल
जिला क्राइम रिपोर्टर ने निष्पक्ष जांच और प्रेस नोट जारी करने का किया आग्रह
जमानियां (गाजीपुर)। विकास खंड जमानियां के अंतर्गत हेतिमपुर ग्राम सभा में हैंडपंप मरम्मत एवं री-बोर के नाम पर हुए भुगतान को लेकर जांच की मांग तेज हो गई है। जयदेश समाचार पत्र के जिला क्राइम रिपोर्टर आजाद सिंह ने खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) जमानियां को पत्रक सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा जांच के उपरांत प्रेस नोट जारी करने की मांग की है।
पत्रक में कहा गया है कि ग्राम सभा हेतिमपुर में हैंडपंप मरम्मत एवं री-बोर कार्यों के नाम पर लगभग 10 लाख रुपये के भुगतान को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। मामले को गंभीर बताते हुए इसकी विस्तृत जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है।
पूर्व में प्रकाशित हुई थी खबर
आजाद सिंह ने बताया कि 7 जून 2026 को जयदेश समाचार पत्र में उक्त मामले से संबंधित समाचार प्रकाशित किया गया था, जिसमें हैंडपंप मरम्मत एवं री-बोर कार्यों के भुगतान पर प्रश्नचिह्न लगाए गए थे। उनका कहना है कि समाचार प्रकाशित होने के बाद अब तक किसी सक्षम अधिकारी द्वारा जांच अथवा कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
निष्पक्ष जांच की मांग
खंड विकास अधिकारी कार्यालय पहुंचकर सौंपे गए पत्रक में मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रेस नोट जारी करने का अनुरोध किया गया है, ताकि तथ्यों के आधार पर समाचार प्रकाशित किया जा सके।
जांच के बाद ही स्पष्ट होगी स्थिति
मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि या खंडन संबंधित विभागीय जांच के बाद ही संभव होगी। स्थानीय लोगों की निगाहें अब प्रशासनिक कार्रवाई और जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं।
