सियासत
सुवेंदु अधिकारी बने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री, पांच नेताओं ने संभाली मंत्री पद की जिम्मेदारी
पीएम मोदी, सीएम योगी, गृहमंत्री की मौजूदगी में कोलकाता में हुआ शपथ ग्रहण
कोलकता। पश्चिम बंगाल में सुवेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण कर ली। उनके साथ पांच अन्य नेताओं ने भी मंत्री पद की शपथ ली। हालांकि, मंत्रियों के विभागों का अब तक आवंटन नहीं किया गया है।

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के ब्रिगेड मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में संपन्न हुआ। राज्यपाल आरएन रवि ने सबसे पहले सुवेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। इसके बाद अन्य मंत्रियों को शपथ दिलाई गई।

मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) के बाद सबसे पहले दिलीप घोष ने मंत्री पद की शपथ ली। वर्ष 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान वह भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष थे और इस बार के चुनाव में भी उन्होंने अहम भूमिका निभाई।

इसके बाद अग्निमित्रा पॉल ने मंत्री पद की शपथ ली। सुवेंदु अधिकारी की कैबिनेट में शामिल होने वाली वह एकमात्र महिला मंत्री हैं। उन्होंने इस विधानसभा चुनाव में आसनसोल दक्षिण सीट से 40 हजार से अधिक मतों से जीत दर्ज की।

शपथ लेने वालों में चौथे स्थान पर अशोक कीर्तनिया रहे। उन्होंने बोंगाँव उत्तर सीट से 40 हजार वोटों के अंतर से जीत हासिल की है और अब उन्हें पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री बनाया गया है। इसके बाद क्षुदिरामम टुडू ने मंत्री पद की शपथ ली। उन्होंने रानीबंध सीट से 50 हजार से अधिक वोटों से चुनाव जीता है।
भारतीय जनता पार्टी के युवा नेता निशिथ प्रमानिक को भी सुवेंदु अधिकारी सरकार में मंत्री बनाया गया है। विधानसभा चुनाव में उन्होंने कूचविहार जिले की माथाभांगा सीट से 57 हजार से अधिक मतों से जीत हासिल की।
