आजमगढ़
सुभासपा ने डीएम को सौंपा ज्ञापन, सामाजिक सम्मान की रक्षा की उठाई मांग
पिछड़े, अतिपिछड़े, दलित एवं अतिदलित समाज पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र राजभर के नेतृत्व में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा
आजमगढ़। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र राजभर के नेतृत्व में गुरुवार को पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पिछड़े, अतिपिछड़े, दलित एवं अतिदलित समाज के विरुद्ध कथित जातिसूचक और अपमानजनक टिप्पणियों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों के सम्मान, सामाजिक न्याय और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जाए। साथ ही समाज में वैमनस्य फैलाने वाले तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई कर सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की मांग भी की गई।
इस अवसर पर पार्टी नेताओं ने कहा कि संविधान सभी नागरिकों को समान सम्मान और अधिकार प्रदान करता है तथा किसी भी वर्ग के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग सामाजिक समरसता के लिए उचित नहीं है। उन्होंने प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश सचिव चंद्रजीत राजभर, अल्पसंख्यक प्रदेश अध्यक्ष जाहिद खान, पश्चिमी जोन अध्यक्ष मोहन राजभर, गुफरान अहमद, ज्ञान प्रकाश, संदीप यादव, वकील चौरसिया, रामसूरत राजभर, पुजारी राजभर, संजय राजभर सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
