Connect with us

आजमगढ़

फ्री मूवी डाउनलोड के नाम पर साइबर ठगी करने वाले गिरोह का सदस्य गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

APK लिंक भेजकर मोबाइल हैक करने का आरोप, साइबर सेल और महाराजगंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

ठगी की रकम से खरीदी 3.5 लाख की बुलेट, मोबाइल, कूटरचित आधार कार्ड और नकदी बरामद

आजमगढ़। साइबर सेल और महाराजगंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह के एक कथित सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी फ्री में फिल्म और वेब सीरीज डाउनलोड कराने के नाम पर APK लिंक भेजकर लोगों के मोबाइल हैक करने वाले गिरोह से जुड़ा है। उसके कब्जे से साइबर ठगी की रकम से खरीदी गई करीब 3.5 लाख रुपये की नई बुलेट मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन, एक कूटरचित आधार कार्ड और नकद रुपये बरामद किए गए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में साइबर सेल और महाराजगंज पुलिस ने 22 जुलाई को सूचना के आधार पर प्रतापपुर पुलिया के पास चेकिंग के दौरान कृष्णा कुमार (28), निवासी नौबरार त्रिपुरारपुर खालसा, थाना महाराजगंज को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से एक सैमसंग मोबाइल, एक आईफोन, कूटरचित आधार कार्ड और ₹1,330 नकद बरामद हुए।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल कर जनसेवा केंद्रों के माध्यम से साइबर ठगी की रकम निकालता था। बरामद आईफोन का इस्तेमाल कथित रूप से फर्जी मोबाइल नंबरों पर प्राप्त ओटीपी हासिल करने के लिए किया जाता था।

Advertisement

पुलिस का दावा है कि गिरोह सोशल मीडिया पर फ्री में नई फिल्म या वेब सीरीज डाउनलोड कराने के नाम पर APK फाइल युक्त लिंक साझा करता था। लिंक पर क्लिक करते ही पीड़ितों के मोबाइल हैक हो जाते थे और उनके बैंक खातों से धनराशि म्यूल खातों में स्थानांतरित कर एटीएम के जरिए निकाल ली जाती थी।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page