आजमगढ़
डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी ने ली शपथ
अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा और संगठन के विकास के लिए निष्ठापूर्वक कार्य करने का लिया संकल्प
आजमगढ़। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन, आजमगढ़ की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार को बार सभागार में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सदर विधायक दुर्गा प्रसाद यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव, सपा जिलाध्यक्ष हवलदार यादव, नगरपालिका अध्यक्ष सरफ़राज़ आलम मंसूर सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
चुनाव अधिकारी शिवधन प्रसाद चौरसिया ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को प्रमाण-पत्र प्रदान करते हुए पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान अध्यक्ष भृगुनाथ राम, मंत्री मनोज कुमार राय, वरिष्ठ उपाध्यक्ष लौटू राम मौर्य एवं मुन्ना सिंह, उपाध्यक्ष पंकज कुमार एवं बालकृष्ण यादव, कोषाध्यक्ष लालमोहन गिरी, सहमंत्री (प्रशासन) आनंद प्रकाश यादव एवं हरेंद्र यादव, सहमंत्री (पुस्तकालय) कृष्ण कुमार सिंह सहित वरिष्ठ एवं कनिष्ठ कार्यकारिणी के सदस्यों ने पदभार ग्रहण किया।
शपथ ग्रहण के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा, बार एसोसिएशन की गरिमा बनाए रखने तथा संगठन के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
समारोह में दीवानी बार एवं तहसील बार के अध्यक्ष, मंत्री सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं और गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।
