Connect with us

गाजीपुर

सिधौना से गुजरा 200 टन का ‘बाहुबली’ ट्रक, देखने उमड़ी भीड़

Published

on

Loading...
Loading...

308 पहियों वाले ट्रेलर पर लदा औद्योगिक बॉयलर, बिजली के तार और फुटओवर ब्रिज बने चुनौती

सिधौना (गाजीपुर)। ओडिशा के पारादीप बंदरगाह से बलरामपुर चीनी मिल के लिए जा रहा 200 टन से अधिक वजन का विशाल औद्योगिक बॉयलर शनिवार को सिधौना बाजार से होकर गुजरा। 308 पहियों वाले विशेष मल्टी-एक्सल हाइड्रोलिक ट्रेलर पर लदे इस उपकरण को देखने के लिए सड़क किनारे लोगों की भीड़ जुट गई। लोग मोबाइल से तस्वीरें और वीडियो बनाते नजर आए।

बाधाएं हटाकर आगे बढ़ाया गया काफिला

इससे पहले शुक्रवार को विशाल ट्रक कैथी टोल प्लाजा के पास रुका था। गोमती नदी पुल पार कराने और वाराणसी-गाजीपुर फोरलेन पर आगे बढ़ाने के लिए रास्ते में आने वाली बाधाओं को अस्थायी रूप से हटाना पड़ा। बताया गया कि संध्या क्षेत्र से टोल प्लाजा तक पहुंचने के दौरान लोहे के दो फुटओवर ब्रिज खोलकर रास्ता बनाया गया।

बेल्जियम से समुद्री मार्ग से पहुंचा उपकरण

बताया जा रहा है कि बेल्जियम से समुद्री मार्ग के जरिए भारत पहुंची इस मशीन को बलरामपुर चीनी मिल और एथनॉल प्लांट तक ले जाया जा रहा है। करीब 100 फीट लंबे विशेष वाहन पर अत्यधिक भार होने के कारण काफिला सीमित गति से आगे बढ़ रहा है और प्रतिदिन कम दूरी तय कर पा रहा है।

बिरनो टोल प्लाजा तक पहुंचने में लगेंगे दो दिन

जनपद में करीब 70 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद काफिले के बिरनो टोल प्लाजा पहुंचने का अनुमान है। वहां भारी वाहन को निकालने के लिए एक लेन को अस्थायी रूप से तोड़कर रास्ता बनाना पड़ सकता है। टोल प्लाजा तक पहुंचने में लगभग दो दिन लगने की संभावना जताई जा रही है।

Advertisement

तकनीकी टीम की निगरानी में चल रहा ट्रक

विशाल ट्रक के साथ हाईवे पेट्रोलिंग टीम और तकनीकी विशेषज्ञों का दल भी चल रहा है। बिजली के तारों, पुलों, फुटओवर ब्रिज और अन्य संरचनाओं से जुड़ी बाधाओं को देखते हुए आवश्यकतानुसार व्यवस्था की जा रही है। सिधौना बाजार में इस ‘बाहुबली’ ट्रक को देखने के लिए लोगों में खासा उत्साह रहा।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page